सहारनपुर में बड़ा सड़क हादसा: शाकंभरी देवी के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की ट्रैक्टर-ट्रॉली को कंटेनर ने मारी टक्कर, 4 की मौत 12 घायल

REGIONAL

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के देवबंद थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में चार श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कम से कम 12 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा उस वक्त हुआ जब मां शाकंभरी देवी के दर्शन करने के बाद श्रद्धालु ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर नवरात्र की ज्योति लेकर अपने घर वापस लौट रहे थे, तभी पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार कंटेनर ने उनकी ट्रॉली को जोरदार टक्कर मार दी।

​चाय-नाश्ते के लिए रुके थे श्रद्धालु, तभी हुआ हादसा

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, मेरठ जिले के सरधना अंतर्गत आने वाले कुशावली गांव के कुछ लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवार होकर प्रसिद्ध तीर्थ स्थल मां शाकंभरी देवी के दर्शन करने गए थे। दर्शन उपरांत वे नवरात्र के लिए ज्योति लेकर वापस अपने गांव लौट रहे थे। पूरी रात सफर करने के बाद शनिवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे ये श्रद्धालु देवबंद पहुंचे थे और एक फ्लाईओवर के पिलर संख्या 13 के पास चाय-नाश्ते के लिए रुके थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार कंटेनर ने उनकी खड़ी या धीमी गति से चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली को जोरदार टक्कर मार दी।

​इस भयंकर टक्कर से मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे में दो श्रद्धालुओं ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि अन्य घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान दो और लोगों की मौत हो गई। इस दुर्घटना में जान गंवाने वाले चारों मृतकों की पहचान अमन राणा (25 वर्ष), सागर (22 वर्ष), पंकज (25 वर्ष) और रमेश (55 वर्ष) के रूप में हुई है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जताया शोक, घायलों को बेहतर इलाज के निर्देश

दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सभी मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, गंभीर रूप से घायल अन्य श्रद्धालुओं का अस्पताल में उपचार जारी है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सीएमओ सहारनपुर को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, तथा कुछ घायलों को उनके परिजनों की सुविधा के दृष्टिगत विशेष उपचार के लिए मेरठ भी रेफर किया गया है।

​उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस मर्माहत कर देने वाले सड़क हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने जिला प्रशासन के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे तुरंत मृतकों के शोक संतप्त परिजनों से संवाद स्थापित कर उन्हें हरसंभव सरकारी सहायता प्रदान करें और सभी घायलों का समुचित तथा उच्चस्तरीय उपचार सुनिश्चित करें।

Dr. Bhanu Pratap Singh