लखनऊ: मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली के ऐतिहासिक जंतर-मंतर पर प्रस्तावित कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के विरोध प्रदर्शन ने देश की राजनीति में भूचाल ला दिया है। दिल्ली पुलिस द्वारा सुरक्षा कारणों और प्रक्रियागत औपचारिकताओं का हवाला देकर प्रदर्शन की इजाजत न दिए जाने के बावजूद, देश भर से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता दिल्ली की ओर कूच कर रहे हैं ।
प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए दिल्ली से सटे राज्यों की पुलिस अलर्ट मोड पर है, कई ट्रेनें निरस्त कर दी गई हैं और जगह-जगह से लोगों को हिरासत में लिया जा रहा है। इस कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई पर उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की बेहद तीखी और आक्रामक प्रतिक्रिया सामने आई है।
’ताकत के बल पर जनता को नहीं रोक पाएगी भाजपा सरकार’ — अखिलेश यादव
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर शनिवार को एक कड़ा संदेश जारी करते हुए सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार की यह दमनकारी नीति उसकी सबसे बड़ी भूल साबित होगी। उन्होंने लिखा कि देश की युवा शक्ति लोकतंत्र की रक्षा के लिए पूरी तरह एकजुट हो चुकी है और अब इसे किसी भी बंदिश से रोकना नामुमकिन है।
अखिलेश यादव ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी देते हुए लिखा “किसी के रोके नहीं रुकेगा; अब दिल्ली में देश जुटेगा! हम देश की युवा ऊर्जा के साथ हैं। भाजपा सरकार अगर समझ रही है कि वो ताक़त के बल पर जनता को रोक लेगी तो ये उसकी और भी बड़ी भूल साबित होगी। ‘जंतर-मंतर’ अब एक जगह का नाम नहीं, एक नई चेतना और जागरण का प्रतीक बन गया है। अगर सरकार ने आंदोलनकारियों को रोका तो देश में हर जगह जंतर-मंतर बन जाएगा।”
कविता के जरिए साधा निशाना
अपने आधिकारिक बयान में अखिलेश यादव ने सरकार के कड़े इंतजामों और बैरिकेडिंग पर तंज कसते हुए एक मर्मस्पर्शी कविता भी साझा की
माना बादशाहों का बंदोबस्त है बख़्तरबंद
पर उन्होंने देखा न नौजवानों का दमख़म
यहाँ हौसलों की भी तैयारी है चाकचौबंद
हैं साथ सब, मानकर इसको अंतिम जंग
दिल्ली की सीमाओं पर कड़ी चौकसी, ट्रेनें रद्द होने से यात्री परेशान
जंतर-मंतर पर भारी भीड़ के जुटने की संभावना को देखते हुए उत्तर प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान से दिल्ली आने वाली दर्जनों ट्रेनों को अचानक रद्द कर दिया गया है। दिल्ली की तमाम सीमाओं पर पैरामिलिट्री फोर्स और पुलिस बल की तैनाती कर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। बसों और निजी वाहनों से दिल्ली प्रवेश करने वाले संदिग्ध लोगों को रोककर पूछताछ की जा रही है और एहतियातन हिरासत में लिया जा रहा है।
अखिलेश यादव के इस सीधे हस्तक्षेप और कड़े बयान के बाद CJP के आंदोलन को एक बड़ा राजनीतिक समर्थन मिल गया है, जिससे आने वाले घंटों में दिल्ली और आसपास के राज्यों में राजनीतिक पारा और अधिक चढ़ने की पूरी संभावना है।
- सहारनपुर में बड़ा सड़क हादसा: शाकंभरी देवी के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की ट्रैक्टर-ट्रॉली को कंटेनर ने मारी टक्कर, 4 की मौत 12 घायल - October 10, 2026
- CJP के दिल्ली प्रदर्शन पर गरमाई सियासत: अखिलेश बोले- ‘आंदोलनकारियों को रोका तो देश में हर जगह बन जाएगा जंतर-मंतर’ - October 10, 2026
- यूपीआई पर प्रस्तावित MDR शुल्क के विरोध में आगरा के व्यापारी, जिलामुख्यालय में डीएम को सौंपा ज्ञापन - October 10, 2026