आगरा के मोतीगंज में खाद्य व्यापारियों के लिए जागरूकता बैठक: त्योहारों से पहले एफएसडीए अधिकारियों ने स्वच्छता और शुद्धता पर दिया जोर

स्थानीय समाचार

आगरा। त्योहारों की आहट के साथ बाजारों में बढ़ने वाली रौनक और खाद्य पदार्थों की मांग को देखते हुए श्री मोतीगंज खाद्य व्यापार समिति ने खाद्य सुरक्षा के प्रति एक महत्वपूर्ण पहल की है। समिति के मोतीगंज स्थित कार्यालय पर खाद्य सुरक्षा एवं औषध प्रशासन विभाग द्वारा खाद्य व्यापारियों के साथ जागरूकता बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य खाद्य व्यापारियों को नियमों की जानकारी देने के साथ-साथ सुरक्षित, शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना रहा।

बैठक में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेश कुमार गुप्ता एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारी गजेन्द्र सिंह ने आगामी त्योहारों के मद्देनजर खाद्य व्यापारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने विशेष रूप से व्रत एवं उपवास में उपयोग होने वाले खाद्य पदार्थों सहित अन्य खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, शुद्धता एवं सुरक्षित रख-रखाव के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।

लाइसेंस और पंजीकरण के साथ करें खाद्य व्यापार

अधिकारियों ने सभी खाद्य व्यापारियों से अपील की कि वे नियमानुसार खाद्य लाइसेंस एवं खाद्य पंजीकरण प्राप्त कर अपना व्यापार संचालित करें। उन्होंने कहा कि खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन केवल कानूनी जिम्मेदारी ही नहीं, बल्कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के प्रति व्यापारियों की महत्वपूर्ण सामाजिक जिम्मेदारी भी है।

बैठक में व्यापार के टर्नओवर के अनुसार खाद्य पंजीकरण एवं लाइसेंस संबंधी प्रावधानों की भी जानकारी दी गई। व्यापारियों को अपने प्रतिष्ठानों से संबंधित आवश्यक दस्तावेजों को व्यवस्थित एवं अद्यतन रखने के लिए प्रेरित किया गया।

बरसात के मौसम में स्वच्छता सबसे बड़ी प्राथमिकता

मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेश कुमार गुप्ता ने बारिश के मौसम को देखते हुए खाद्य प्रतिष्ठानों में विशेष साफ-सफाई बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इस मौसम में खाद्य पदार्थों के दूषित होने की संभावना बढ़ जाती है, इसलिए उनके सुरक्षित भंडारण, उचित रख-रखाव तथा प्रतिष्ठानों की नियमित सफाई पर विशेष ध्यान देना जरूरी है।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी गजेन्द्र सिंह ने व्यापारियों से कहा कि त्योहारों के दौरान ग्राहकों को गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना सभी की प्राथमिकता होनी चाहिए। जागरूक व्यापारी और सतर्क उपभोक्ता मिलकर ही स्वस्थ एवं सुरक्षित समाज के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

व्यापारियों ने सराहा जागरूकता अभियान

श्री मोतीगंज खाद्य व्यापार समिति के अध्यक्ष महावीर प्रसाद मंगल ने कहा कि त्योहारों के समय खाद्य पदार्थों की बिक्री बढ़ने के कारण व्यापारियों की जिम्मेदारी भी बढ़ जाती है। ऐसे में विभाग द्वारा आयोजित जागरूकता बैठक व्यापारियों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी।

महामंत्री शैलेन्द्र अग्रवाल (शालू) ने कहा कि समिति भविष्य में भी खाद्य व्यापारियों को नियमों एवं आवश्यक व्यवस्थाओं के प्रति जागरूक करने के लिए ऐसे कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी।

बैठक में उपाध्यक्ष श्रीनाथ बंसल, कृष्ण कुमार मित्तल, श्याम कुमार गर्ग, अखिलेश गोयल, कपिल गर्ग, संजीव अग्रवाल, पवन गोयल आदि उपस्थित रहे।

Dr. Bhanu Pratap Singh