उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को देवरिया में एक जनसभा को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने पिछली सरकारों को एन्सेफलाइटिस और माफिया राज के लिए सीधा जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि अब उत्तर प्रदेश की छवि पूरी तरह बदल चुकी है और राज्य अब ‘बीमारू’ की जगह एक ‘सम्मानजनक’ प्रदेश बन गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 15 जुलाई से 15 नवंबर के बीच का समय देवरिया, कुशीनगर, महाराजगंज, गोरखपुर, सिद्धार्थनगर, संतकबीरनगर और बस्ती जिलों में भारी भय और दहशत लेकर आता था। हर साल इस अवधि में लोग एन्सेफलाइटिस बीमारी के खौफ में जीते थे। उन्होंने कहा कि एन्सेफलाइटिस सिर्फ एक शारीरिक बीमारी नहीं थी, बल्कि यह सपा और कांग्रेस सरकारों की एक ‘बीमार मानसिकता’ का परिणाम थी। इन सरकारों की उदासीनता के कारण पिछले 40 से अधिक वर्षों में 50 हजार से ज्यादा मासूम बच्चों की जान चली गई थी।
पिछली व्यवस्था पर प्रहार करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उस दौर में अधिकारी पूरी तरह बेपरवाह थे और उनकी संवेदनशीलता समाप्त हो चुकी थी। सपा या कांग्रेस का कोई भी मुख्यमंत्री या प्रधानमंत्री कभी पीड़ितों का हाल जानने नहीं आया। पूरे राज्य में अपराधियों और माफियाओं का एक समानांतर शासन चलता था। आज उत्तर प्रदेश अपने नाम के अनुरूप खरा उतरा है और देश-दुनिया में इसकी एक सम्मानजनक छवि स्थापित हुई है।
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि उनकी सरकार ने प्रदेश से माफियाराज को पूरी तरह कुचल दिया है। जो लोग राज्य की बेटियों और व्यापारियों की सुरक्षा के लिए खतरा बनते हैं, उनके लिए अब केवल जेल या नर्क ही एकमात्र जगह बची है। उन्होंने जोर देकर कहा कि अब प्रदेश में ‘एक जिला, एक माफिया’ की संस्कृति समाप्त हो चुकी है और इसकी जगह ‘एक जिला, एक मेडिकल कॉलेज’ का दौर आ चुका है।
देवरिया और कुशीनगर में आधुनिक मेडिकल कॉलेजों की स्थापना हो चुकी है। जिस प्रकार सरकार ने माफियाओं का सफाया किया है, उसी प्रकार एन्सेफलाइटिस जैसी भयानक बीमारियों को भी हमेशा के लिए समाप्त कर दिया गया है।
- योगी सरकार का बड़ा तोहफा: चुनावी साल में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के मानदेय में 50% बढ़ोतरी की तैयारी - August 30, 2026
- हो सकता है आप मुझे अगली बार सीएम बनते हुए देखें…डिप्टी सीएम केशव मौर्य के बयान से सियासी चर्चाओं का बाजार गर्म - August 30, 2026
- कहने को मुफ़्त परिवहन, पर शहर-शहर परेशान बहन, रक्षाबंधन पर भाजपा की फ़्री बस सेवा भी जुमला निकली: अखिलेश यादव - August 30, 2026