लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने जयप्रकाश नारायण इंटरनेशनल सेंटर (JPNIC) के मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी की सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर सरकार की कार्यशैली और भ्रष्टाचार को लेकर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा राज में भ्रष्टाचार का स्वर्ण ठोसीकरण जिस तेजी से हो रहा है, उसकी पोल एक दिन ‘राम मंदिर में चोरी’ की तरह जरूर खुलेगी और फिर सरकार डायरी लिखकर यह पूछेगी कि इसका भेदिया कौन है।
अखिलेश यादव ने आगे लिखा कि उप्र के मुख्यमंत्री जनता के सामने अपना ऐसा मॉडल रख रहे हैं जिसमें सामने से किसी को JPNIC दे दो और उसके बदले ईंट नहीं बल्कि ‘सोने की सिल्ली’ ले लो। धर्मघात करने वाले भाजपाई धर्मद्रोहियों ने जब लोकरक्षक प्रभु श्रीराम को नहीं छोड़ा, तो वे लोकनायक जय प्रकाश नारायण जी को क्या छोड़ेंगे।
उन्होंने चेतावनी दी कि इनकी स्वर्ण सिल्लियां भी इनके गुप्त खजानों से बाहर निकाली जाएंगी और धर्म के नाम पर किए जा रहे इनके ढोंग का मुखौटा भी एक दिन पूरी तरह उतर जाएगा। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि 7 हजार करोड़ तो क्या, 70 हजार करोड़ रुपये भी इस सरकार की छवि को नहीं सुधार सकते हैं और सबका नंबर लगेगा।
उल्लेखनीय है कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के ड्रीम प्रोजेक्ट JPNIC को लेकर योगी सरकार ने एक बड़ा प्रशासनिक फैसला लिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हाल ही में संपन्न हुई कैबिनेट बैठक में JPNIC को निजी हाथों में सौंपे जाने के प्रस्ताव को हरी झंडी दे दी गई है। इसके तहत इस प्रतिष्ठित केंद्र को वृंदावन बॉटलर्स एंड रॉकवुड होटल्स को 30 साल की लंबी अवधि के लिए लीज पर दे दिया गया है, जिसके बाद से अखिलेश यादव लगातार सरकार पर हमलावर बने हुए हैं।
- CM योगी की अखिलेश यादव को खुली चुनौती, बोले- दम है तो अयोध्या से लड़ें चुनाव, दो-दो हाथ को तैयार हूं - October 10, 2026
- दिल्ली में भारी राजनीतिक ड्रामा: मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग पर प्रदर्शन करने पहुंचे अरविंद केजरीवाल समेत AAP नेता हिरासत में - October 10, 2026
- आगरा रामलीला महोत्सव: अयोध्या में गूंजे मंगल गीत; ब्रह्म मुहूर्त में राजा दशरथ के निवास पहुंचे सिया-राम, मां कौशल्या ने उतारी आरती - October 10, 2026