आगरा। भारतीय संस्कृति में गुरु को साक्षात् ब्रह्म का स्वरूप माना गया है। गुरु ही वह शक्ति हैं जो साधारण प्रतिभा को असाधारण कला में परिवर्तित करती है। इसी सनातन गुरु-परंपरा को नमन करते हुए आर्टिस्ट गिल्ड ऑफ उत्तर प्रदेश (एफिलिएटेड: वेडिंग इंडस्ट्रीज एसोसिएशन उत्तर प्रदेश) द्वारा गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर “गुरु शिल्पी सम्मान–2026” का भव्य आयोजन होटल क्लार्क शिराज, ताज रोड में किया गया। समारोह में संगीत, नृत्य एवं वाद्य कला के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 23 गुरुजनों का सम्मान कर उनके प्रति समाज की कृतज्ञता व्यक्त की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि राजकुमार गुप्ता (महानगर अध्यक्ष, भाजपा) थे। विशिष्ट अतिथि के रूप में मनीष अग्रवाल रावी (अध्यक्ष, वेडिंग इंडस्ट्रीज एसोसिएशन उत्तर प्रदेश), संदीप उपाध्याय (महासचिव) एवं अमूल्य कक्कड़ (अध्यक्ष, टूरिज्म गिल्ड ऑफ आगरा) उपस्थित रहे। वरिष्ठ उद्यमी पूरन डावर ने भी समारोह की गरिमा बढ़ाई।
समारोह में संगीत एवं गायन के क्षेत्र से डॉ. रवि भटनागर, प्रतिभा तालेगांवकर, सुधीर नारायण, सदानंद, मुरली तिवारी, गौतम तिवारी, सुभाष सक्सेना, शोभी माथुर, रविंद्र तालेगांवकर, पंडित डॉ. देवाशीष गांगुली “संगीतेश”, अमान खान एवं गजेन्द्र चौहान, वाद्य यंत्र विधा से बिरेन्द्र भान गुप्ता, शुभाशीष गांगुली, डॉ. नीलू शर्मा, मनीष प्रभाकर, रमेश प्रभाकर, देवकी नंदन गुरु एवं फ्रांसिस मरिंडा, तथा नृत्य विधा से पुरुषोत्तम मयूरा, टोनी फास्टर, रोशनी गिडवानी एवं ज्योति खण्डेलवाल को “गुरु शिल्पी सम्मान–2026” से अलंकृत किया गया।
समारोह में “औद्योगिक गुरु सम्मान” से वरिष्ठ उद्योगपति पूरन डाबर को सम्मानित किया गया। उद्योग, उद्यमिता और रोजगार के क्षेत्र में युवाओं का मार्गदर्शन करने तथा समाज में प्रेरणास्रोत बनने के लिए उन्हें यह विशेष सम्मान मनीष कुमार अग्रवाल द्वारा प्रदान किया गया।
सम्मान प्राप्त करने के बाद पूरन डावर ने कहा कि “कला और उद्योग दोनों सृजन के माध्यम हैं। ऐसे सम्मान नई पीढ़ी को अपने गुरुजनों से सीखने और समाज के प्रति उत्तरदायित्व निभाने की प्रेरणा देते हैं।”
मुख्य अतिथि राजकुमार गुप्ता ने कहा कि “कला मनुष्य को अध्यात्म से जोड़ने का सबसे सुंदर माध्यम है। संगीत, नृत्य और भावों की अभिव्यक्ति में ईश्वर का अनुभव होता है। ऐसे गुरुजनों का सम्मान समाज का सौभाग्य है।”
अमूल्य कक्कड़ ने कहा कि “आगरा की सांस्कृतिक और पर्यटन पहचान को समृद्ध बनाने में कलाकारों और उनके गुरुजनों का अमूल्य योगदान है। जब गुरु सम्मानित होते हैं तो पूरी कला परंपरा गौरवान्वित होती है।”
मनीष अग्रवाल रावी ने कहा कि “भारतीय कला एवं संस्कृति की वैश्विक पहचान इन गुरुजनों की साधना का परिणाम है। गुरु ही वह प्रथम शक्ति हैं जो शिष्य की प्रतिभा को पहचानकर उसे दिशा, संस्कार और उत्कृष्टता प्रदान करते हैं।”
कार्यक्रम का संचालन नीरज त्रिपाठी ने किया।
समारोह में आर्टिस्ट गिल्ड ऑफ उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष रिंकू प्रवीण वर्मा, महासचिव कमलप्रीत सिंह शैंकी, उपाध्यक्ष भीमसेन शिरोमणि, पंकज वर्मा, डॉ. मंजरी शुक्ला, देव कुमार, संरक्षक दलजीत सिंह, जसवंत सिंह, संजीव अरोड़ा एवं मनोज कोहली, सचिव रोहन सिंह, अनिल वर्मा, साहिल चौहान, निधि सोनी तथा कार्यकारिणी सदस्य ललित शर्मा, योगेश शर्मा, अनूप सिंह, मनु कौर, नीरज कपूर, अपूर्व, श्रीकांत सहित आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समन्वय वेडिंग इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अनिल सविता एवं आर्टिस्ट गिल्ड ऑफ उत्तर प्रदेश की पूरी टीम ने किया।
- आगरा में अवैध कारोबारों के खिलाफ बड़ी सुगबुगाहट: दवा माफिया शुभम के करीबी का नाम जुड़ने से चर्चाओं का बाज़ार गर्म, आधिकारिक पुष्टि का इंतजार - August 4, 2026
- आगरा में रिश्तों का कत्ल: दवा दिलाने के बहाने दिल्ली से बेटी को चंबल नदी ले गया पिता, नदी में डुबाकर मार डालने का आरोप; दिल्ली पुलिस का सर्च ऑपरेशन - August 4, 2026
- राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का बड़ा हमला: राम मंदिर चढ़ावा चोरी और जमीन खरीद घोटालों पर पीएम मोदी से मांगी जवाबदेही - August 4, 2026