आगरा। आगरा पुलिस ने सवारी बनाकर लोगों को लूटने वाले एक शातिर गैंग का पर्दाफाश करते हुए चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। यह गैंग किराये की महिंद्रा थार और महिंद्रा स्कॉर्पियो में रात के समय बिजलीघर चौराहे जैसे प्रमुख स्थानों से सवारी बैठाता था और फिर सुनसान इलाके में ले जाकर नकदी, मोबाइल और आभूषण लूटकर फरार हो जाता था।
शमसाबाद और बमरौली कटारा थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए चेकिंग के दौरान चारों आरोपियों को दबोच लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से नकदी, आभूषण, मोबाइल, तमंचा, कारतूस तथा वारदात में प्रयुक्त दोनों वाहन बरामद किए हैं। आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार गैंग ने पहली वारदात 24 जुलाई को की थी। पीड़ित बिजलीघर चौराहे से घर जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान आरोपियों ने उसे अपनी गाड़ी में बैठा लिया। शमसाबाद थाना क्षेत्र के सिकतरा गांव के पास सुनसान स्थान पर ले जाकर उससे 10 हजार रुपये नकद, सोने की कान की एक बाली, चांदी का हाथ का कड़ा और दो मोबाइल फोन लूट लिए। इसके बाद उसे रास्ते में उतारकर फरार हो गए।
इसके अगले ही दिन 25 जुलाई को गैंग ने दूसरी वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित ने बमरौली कटारा थाना पुलिस को सूचना देकर बताया कि वह बिजलीघर चौराहे पर घर लौटने के लिए खड़ा था। इसी दौरान थार गाड़ी में आए तीन लोगों ने उसे बैठा लिया। आरोपियों ने समोगर गांव जाने वाले मार्ग पर ले जाकर उससे 1,500 रुपये नकद और सोने की एक अंगूठी लूट ली तथा उसे गाड़ी से उतारकर फरार हो गए।
दोनों घटनाओं के बाद पुलिस ने सक्रियता बढ़ाते हुए शमसाबाद और बमरौली कटारा थाना पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान संदिग्ध वाहनों की जांच में चारों बदमाश पुलिस के हत्थे चढ़ गए।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान करन जादौन पुत्र राजू निवासी ग्राम नयाबांस, थाना शमसाबाद, सूरज तोमर पुत्र प्रकाश निवासी ग्राम बिसैरी गोरबा, विवेक कुशवाह पुत्र राकेश कुशवाह निवासी कहरई मोड़ा, थाना एकता तथा दीपेश पुत्र स्वर्गीय बहादुर सोनी निवासी ताजगंज, हाल निवासी अम्मा की रसोई, शहीद नगर चौकी, थाना सदर बाजार को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों के कब्जे से 5 हजार रुपये नकद, एक सोने की अंगूठी, एक जोड़ी सोने की कान की लर, नाक की सोने की बाली, चार मोबाइल फोन, एक तमंचा, 315 बोर का एक जिंदा कारतूस तथा वारदात में इस्तेमाल की गई एक महिंद्रा स्कॉर्पियो और एक महिंद्रा थार बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार दोनों वाहन किराये पर लेकर वारदातों को अंजाम दिया जाता था। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उन्होंने अन्य किन-किन थाना क्षेत्रों में इसी तरह की लूट की घटनाओं को अंजाम दिया है। साथ ही चारों आरोपियों के आपराधिक इतिहास का भी विस्तृत सत्यापन कराया जा रहा है।
- जंतर-मंतर लाठीचार्ज पर सुप्रीम कोर्ट सख्त: बल प्रयोग की निष्पक्ष जांच के लिए आठ राज्यों को जारी किया नोटिस, CJI ने कहा—जवाबदेही तय करना जरूरी - July 28, 2026
- आगरा के जरार कस्बे में घेवर बनाते समय गैस सिलेंडर में लगी भीषण आग, पिता-पुत्र समेत 5 लोग गंभीर रूप से झुलसे - July 28, 2026
- आगरा के जैन समाज में एकता का नया अध्याय: दिगंबर और श्वेतांबर परंपरा के संतों ने एक मंच से दिया ‘अहिंसा और सद्भाव’ का संदेश - July 28, 2026