यूपी में फिर सक्रिय हुआ मानसून: 17 से 22 जुलाई तक झमाझम बारिश के आसार, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

REGIONAL

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मानसून की सुस्त पड़ती चाल के बाद अब मौसम फिर करवट ले रहा है। मौसम विभाग ने प्रदेश में मानसून के पुनः सक्रिय होने की पुष्टि की है, जिससे 17 जुलाई से बारिश की तीव्रता में भारी बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। अगले 22 जुलाई तक राज्य के तराई बेल्ट समेत अधिकांश हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश होने की प्रबल संभावना है। विशेष रूप से पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे जिलों के लिए विभाग ने विशेष सतर्कता बरतने के संकेत दिए हैं।

​मानसून की वापसी का कारण

मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, ओडिशा के उत्तरी तट पर बने ‘लो प्रेशर एरिया’ (कम दबाव का क्षेत्र) का प्रभाव उत्तर प्रदेश के वातावरण पर सीधा पड़ेगा। इस प्रणाली के चलते मानसून द्रोणी (Monsoon Trough) फिर से अनुकूल स्थिति में आ रही है। बारिश की शुरुआत मुख्य रूप से पूर्वी उत्तर प्रदेश से होगी और देखते ही देखते अगले 48 घंटों के भीतर इसका व्यापक असर मध्यांचल और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों में भी दिखाई देने लगेगा।

​उमस और गर्मी से मिलेगी राहत

बीते कुछ दिनों से मानसून द्रोणी की तराई की ओर स्थिति होने के कारण बारिश केवल सीमित क्षेत्रों तक ही सिमटी हुई थी। हालांकि, बृहस्पतिवार को भारी बारिश का कोई अलर्ट नहीं है, लेकिन हवा में नमी की अत्यधिक मात्रा के कारण उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है। बीते 24 घंटों में प्रयागराज 39.4 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा। वहीं, अंबेडकर नगर में 75 मिमी और हमीरपुर में 54 मिमी तक अच्छी वर्षा दर्ज की गई, जिससे स्थिति में सुधार की उम्मीद है।

​राजधानी लखनऊ का हाल

लखनऊ में बुधवार का दिन धूप-छांव की लुका-छिपी के बीच बीता, जिसमें तापमान में हल्की गिरावट से लोगों ने थोड़ी राहत महसूस की। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, गुरुवार से शहर में बादलों की आवाजाही सघन हो जाएगी और शुक्रवार से मानसून की पूरी सक्रियता के साथ लखनऊ में बारिश का दौर शुरू हो जाएगा। बुधवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 36.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से थोड़ा अधिक है। जैसे-जैसे मानसून की सक्रियता बढ़ेगी, तापमान में और गिरावट आने की उम्मीद है।

Dr. Bhanu Pratap Singh