लखनऊ। उत्तर प्रदेश में आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को धार देने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। इसी क्रम में लखनऊ पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने एनडीए के सहयोगी दलों के वरिष्ठ नेताओं के साथ एक उच्च-स्तरीय बैठक की।
’यूपी में अब तक की सबसे बड़ी जीत दर्ज करेंगे’
बैठक के दौरान नितिन नबीन ने कहा कि उत्तर प्रदेश को ‘उत्तम प्रदेश’ बनाने के लिए भाजपा और एनडीए के सभी सहयोगी दल एकजुट होकर काम कर रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि भाजपा का सेवा भाव ही 2027 में उसे एक ऐतिहासिक जीत दिलाएगा। नबीन ने विश्वास जताया कि भाजपा इस बार अपने पिछले सभी चुनावी रिकॉर्ड को ध्वस्त कर देगी।
सपा पर जमकर बरसे भाजपा अध्यक्ष
समाजवादी पार्टी को निशाने पर लेते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि सपा का एजेंडा पूरी तरह नकारात्मक है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दल जाति, भाषा और क्षेत्रीयता के आधार पर समाज में विभाजन पैदा कर देश को कमजोर करने की साजिश रच रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा जहां जनता के बीच रहकर निरंतर काम करती है, वहीं विपक्ष केवल चुनाव के समय सक्रिय होता है।
’गुंडा-माफिया राज के लिए कोई जगह नहीं’
बैठक में शामिल हुए उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी विपक्ष पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश अब गुंडा राज, माफिया राज, दंगों और परिवारवाद से ऊब चुका है। उन्होंने जोर देकर कहा, “उत्तर प्रदेश को विकास, सुशासन और सुरक्षा की आवश्यकता है।” मौर्य ने कहा कि एनडीए का लक्ष्य स्पष्ट है और राज्य की जनता कमल के साथ विकास के रास्ते पर आगे बढ़ने के लिए तैयार है।
इस महत्वपूर्ण बैठक में प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी सहित एनडीए के कई दिग्गज नेता उपस्थित रहे। सभी ने समन्वय और विश्वास के साथ जनसेवा के संकल्प को दोहराया और 2027 की रणनीति पर चर्चा की।
- आगरा में भक्ति का अनूठा संगम: छीपीटोला मंदिर में उपाध्याय पदारोहण एवं जैनेश्वरी दीक्षा महोत्सव का भव्य शुभारंभ, विनोली यात्रा में उमड़ा जनसैलाब - July 5, 2026
- जैसवाल जैन महासभा का संकल्प: संगठन विस्तार और राजनीतिक भागीदारी पर मंथन, आगरा में मेधावियों का हुआ सम्मान - July 5, 2026
- आगरा के कुतकपुर गांव में मातम: कूलर के तार से संदूक में दौड़ा करंट, सोए रह गए माता-पिता, उजड़ गई चार बच्चों की दुनिया - July 5, 2026