कानपुर। फर्जी शैक्षणिक दस्तावेज तैयार करने और उन्हें बेचने वाले एक संगठित गिरोह के खिलाफ कानपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने इस मामले में तीन और आरोपितों को गिरफ्तार किया है। बरामद दस्तावेजों में कौशांबी सहित प्रदेश के अन्य जनपदों के कई नामी स्कूल-कॉलेजों की मार्कशीट और डिग्रियां शामिल हैं।
जांच के दौरान आरोपितों के पास से मिले बैंक खातों की छानबीन में करीब 21 करोड़ रुपये के संदिग्ध लेनदेन का पता चला है, जिसने मामले की गंभीरता को और बढ़ा दिया है। फिलहाल, बरामद सभी फर्जी दस्तावेजों को सत्यापन के लिए संबंधित बोर्ड और विश्वविद्यालयों को भेज दिया गया है।
पुलिस अब इस गिरोह के कनेक्शन पुराने मामलों से जोड़कर तहकीकात कर रही है। ज्ञात हो कि इससे पहले पुलिस किदवई नगर से 10 और बेकनगंज के हीरामन का पुरवा इलाके से चार लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। इन दोनों ही मामलों की जांच एसआईटी (SIT) कर रही है। बीते आठ जून की रात हीरामन का पुरवा स्थित एक मकान में छापेमारी के दौरान पुलिस ने इस नेटवर्क का पर्दाफाश किया था। उस दौरान पकड़े गए आरोपितों में जियाउल हसन का नाम भी शामिल था, जिसका नेटवर्क केवल उत्तर प्रदेश ही नहीं, बल्कि सऊदी अरब, कनाडा, ब्रिटेन, लंदन और दुबई तक फैला हुआ है।
अधिकारियों के मुताबिक, अब तक की बरामदगी में 14 विश्वविद्यालयों और माध्यमिक शिक्षा परिषदों की 1030 फर्जी डिग्रियां और मार्कशीट जब्त की गई हैं। यह फर्जीवाड़ा उत्तर प्रदेश के अलावा बिहार, मध्य प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, उत्तराखंड, आंध्र प्रदेश, झारखंड, मणिपुर और सिक्किम जैसे राज्यों तक फैला है।
पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने स्पष्ट किया है कि इन गिरोहों का जाल देश के लगभग 26 राज्यों में फैला हुआ है, जिसके हर पहलू की जांच की जा रही है।
इस पूरे नेटवर्क का खुलासा तब हुआ जब आठ जून को एक निजी कुरियर कंपनी के माध्यम से दिल्ली भेजे जा रहे एक लिफाफे की जांच की गई। उस लिफाफे में कौशांबी के एक कॉलेज की फर्जी मार्कशीट मिली थी। इसी सुराग के आधार पर पुलिस ने कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए गिरोह के अन्य सदस्यों को धर दबोचा। पुलिस का कहना है कि अभी विस्तृत जांच की प्रक्रिया चल रही है और जल्द ही इस घटना के पीछे की पूरी साजिश का खुलासा किया जाएगा।
- होम्बले फिल्म्स का मेगा अनाउंसमेंट: सूर्या और ‘जय भीम’ फेम डायरेक्टर टी. जे. ज्ञानवेल की जोड़ी मचाएगी धमाल - June 30, 2026
- विपक्ष का ‘इंडिया’ गठबंधन लामबंद: 23 दलों ने मुख्य न्यायाधीश को लिखा संयुक्त पत्र, चुनावी प्रक्रिया पर उठाए सवाल - June 30, 2026
- आगरा में नगर निगम का बड़ा एक्शन: ताजगंज में अवैध सब्जी मंडी पर चला बुलडोजर, एक किलोमीटर सड़क अतिक्रमण मुक्त - June 30, 2026