हिंदू महासभा का आगरा में उग्र प्रदर्शन, स्वामी प्रसाद मौर्य का मुखौटा पहनाकर प्रतीकात्मक पिटाई, मानसिक अस्पताल में ‘इलाज’

स्थानीय समाचार

आगरा। प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य की भगवान श्रीराम और हनुमान पर कथित विवादित टिप्पणी के विरोध में अखिल भारत हिंदू महासभा ने शनिवार को शहर में तीखा विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने अपने एक साथी को स्वामी प्रसाद मौर्य का मुखौटा पहनाकर और उसके हाथ-पैर रस्सियों से बांधकर प्रतीकात्मक पिटाई की। उसे मानसिक चिकित्सालय तक ले गए। इस दौरान हिंदू महासभा की जिलाध्यक्ष मीरा राठौर ने स्वामी प्रसाद मौर्य की जीभ काटने और आंख फोड़ने वाले को पांच लाख रुपये इनाम देने की घोषणा कर दी।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, स्वामी प्रसाद मौर्य के खिलाफ विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व अखिल भारत हिंदू महासभा की जिलाध्यक्ष मीरा राठौर और महिला मोर्चा महानगर अध्यक्ष निशा ठाकुर ने किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने संगठन के मंडल अध्यक्ष नितेश भारद्वाज को स्वामी प्रसाद मौर्य का मुखौटा पहनाया और उनके हाथ-पैर रस्सियों से बांधकर उन्हें खींचते हुए मानसिक चिकित्सालय के मुख्य गेट तक ले जाया गया। मानसिक चिकित्सालय के बाहर कार्यकर्ताओं ने उन्हें सड़क पर लिटाकर जूते-चप्पलों से प्रतीकात्मक रूप से पीटा। कार्यकर्ताओं ने मानसिक आरोग्यशाला की ओपीडी में स्वामी प्रसाद मौर्य के नाम से सांकेतिक पर्चा कटवाया और प्रतीकात्मक रूप से उनका इलाज शुरू कराने की बात कही।

दरअसल, अयोध्या स्थित राम मंदिर में चढ़ावा और आभूषणों की चोरी के मामले पर स्वामी प्रसाद मौर्य ने प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने 23 जून को गाजीपुर में एक कार्यक्रम के दौरान कहा- “अगर भगवान राम में ताकत होती, तो जिस समय लुटेरे ने चोरी की, तभी वो भस्म हो जाता। लेकिन, उस चोर का बाल भी बांका नहीं हुआ। इतना ही नहीं, उन्होंने यह भी कहा कि पृथ्वी पर पैदा होने वाला छोटा-सा बंदर सूर्य भगवान को निगल गया। यही अज्ञानता खत्म करने के लिए हम पढ़ाई करते हैं? भगवान बुद्ध कहते हैं कि कोई भी बात किसी ग्रंथ में लिखी है, इसीलिए नहीं मानो। पहले उसे अपने दिमाग की कसौटी पर कसो। अगर खरा उतरे, तभी मानो।

उनके बयान का वीडियो भी सामने आया जिसमें स्वामी प्रसाद ने कहा- राम मंदिर से करोड़ों रुपये लुटेरे लूट ले गए। चांदी-सोना भी उड़ा ले गए। लेकिन, भगवान राम उन लुटेरों को सजा नहीं दे पाए, तो आपका भला क्या करेंगे? जो अपने मंदिर की रक्षा नहीं कर सकता, वह आपकी क्या रक्षा करेगा? यह सवाल उठता है।

स्वामी प्रसाद मौर्य ने राष्ट्रीय शोषित समाज पार्टी के अध्यक्ष हैं। पांच बार विधायक रहे चुके हैं। वे चार बार यूपी में मंत्री रहे हैं। वह योगी सरकार 1.0 में मंत्री थे। 2022 विधानसभा चुनाव से ठीक पहले मंत्री पद से इस्तीफा देकर सपा में गए थे। सपा ने विधानसभा चुनाव में उन्हें कुशीनगर की फाजिलनगर सीट से प्रत्याशी बनाया, लेकिन चुनाव हार गए। दो साल पहले उन्होंने सपा छोड़ दी थी। इससे पहले बसपा भी अहम पदों पर रह चुके हैं।

Dr. Bhanu Pratap Singh