आगरा/पिनाहट: थाना पिनाहट क्षेत्र से एक अत्यंत गंभीर और संवेदनशील मामला सामने आया है। एक नाबालिग किशोरी ने युवक पर छेड़छाड़, वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने का आरोप लगाया है। पुलिस पर लापरवाही बरतने और आरोपी को गिरफ्तार न करने का आरोप लगाते हुए पीड़िता ने पुलिस कमिश्नर से न्याय की गुहार लगाई है। साथ ही, न्याय न मिलने पर उसने आत्मघाती कदम उठाने की चेतावनी दी है।
आरोपी की दबंगई और परिवार पर हमला
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी युवक उसे लंबे समय से प्रताड़ित कर रहा था। विरोध करने पर उसने किशोरी की आपत्तिजनक वीडियो इंटरनेट पर वायरल कर दी, जिससे वह गंभीर मानसिक तनाव और सामाजिक अपमान झेलने को मजबूर है। किशोरी के अनुसार, जब उन्होंने इस मामले की शिकायत की, तो उल्टा आरोपी पक्ष ने उसके पिता और उसे मारपीट कर धमकाया।
प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल
किशोरी का दर्द सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में साफ झलक रहा है। उसने आरोप लगाया कि मामला दर्ज होने के बाद भी पुलिस ने अब तक आरोपी को सलाखों के पीछे नहीं डाला है, जिससे आरोपी पक्ष का हौसला बढ़ा हुआ है और उसका घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। पीड़िता का कहना है, “यदि प्रशासन से मुझे न्याय और सुरक्षा नहीं मिली, तो मैं आत्महत्या करने को मजबूर हो जाऊंगी।”
प्रशासनिक हलचल
वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय अधिकारियों में हड़कंप मच गया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए अब पुलिस कमिश्नर कार्यालय ने इस पर विशेष ध्यान केंद्रित किया है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि आरोपों की बारीकी से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
- आगरा नगर निगम के खिलाफ भाजपा पार्षद का नाला-केक प्रदर्शन, अखिलेश यादव ने वीडियो शेयर कर कसा तंज - June 27, 2026
- भगवान के ऑडिट से नहीं बच पाएगा भाजपाई-गिरोह… राम मंदिर विवाद पर अखिलेश यादव का तीखा कटाक्ष - June 27, 2026
- पूर्व मुख्यमंत्री केजरीवाल बोले- चंपत राय के पास ऐसी कौन-सी जानकारी है, जिसके सामने प्रधानमंत्री मोदी भी बेबस नज़र आ रहे हैं? - June 27, 2026