सरकारी नौकरी का झांसा देकर लाखों की ठगी: आगरा में फर्जी नियुक्ति पत्र और ‘नकली ट्रेनिंग’ कराने वाले गिरोह का पर्दाफाश, एक गिरफ्तार

Crime

आगरा: आगरा में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर बेरोजगार युवाओं और उनके परिवारों से लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले एक संगठित गिरोह का शाहगंज थाना पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस मामले में पुलिस ने गिरोह के सदस्य यतेंद्र प्रताप सिंह को गिरफ्तार किया है, जबकि मुख्य आरोपी राजेश कुमार बघेल और कुंवर अनुज समेत अन्य सदस्य अभी भी फरार हैं। आरोपियों ने खुद को रसूखदार बताकर पीड़ितों का भरोसा जीता और उन्हें सरकारी विभागों में नौकरी दिलाने के नाम पर मोटी रकम ऐंठी।

विधायक और सभासद के परिवार भी नहीं बचे ठगों से

पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपियों के हौसले इतने बुलंद थे कि उन्होंने भाजपा विधायक भगवान सिंह कुशवाहा के दो भतीजों को भी अपना निशाना बनाया। उनसे पंचायती राज विभाग और लोक निर्माण विभाग (PWD) में नौकरी दिलाने के नाम पर लगभग 21 लाख रुपये वसूल लिए गए। यही नहीं, गिरोह ने भाजपा के एक सभासद के बेटे को उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड में नौकरी का झांसा देकर उससे 13.50 लाख रुपये की ठगी की। पीड़ितों का कहना है कि नौकरी के लिए उन्होंने भारी कर्ज लिया और जमीन तक गिरवी रख दी।

​फर्जी ट्रेनिंग से विश्वास में लेते थे आरोपी

ठगों का गिरोह इतना शातिर था कि वे विश्वास कायम रखने के लिए पीड़ितों को विभागों के नाम से फर्जी नियुक्ति पत्र (Appointment Letter) थमा देते थे। केवल इतना ही नहीं, युवकों को तीन महीने तक ‘कथित ट्रेनिंग’ भी कराई जाती थी, ताकि उन्हें नियुक्ति के असली होने का अहसास हो। जब लंबे समय तक न तो वेतन मिला और न ही विभागीय रिकॉर्ड में नियुक्ति की कोई जानकारी मिली, तब पीड़ितों को ठगी का एहसास हुआ।

​छह आरोपी नामजद, तलाश जारी

पुलिस ने इस मामले में राजेश कुमार बघेल, यतेंद्र प्रताप सिंह, कुंवर अनुज, आनंद वर्मा और कल्याणी सिंह समेत कुल छह लोगों को नामजद किया है। शाहगंज पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर यतेंद्र प्रताप सिंह को हिरासत में लिया है। पुलिस अब बैंक खातों में हुए ट्रांजैक्शन, फर्जी दस्तावेजों और गिरोह के अन्य संभावित शिकारों के बारे में जानकारी जुटा रही है। पुलिस का मानना है कि पकड़े गए आरोपी से पूछताछ के बाद अन्य फरार सदस्यों तक आसानी से पहुँचा जा सकेगा।

Dr. Bhanu Pratap Singh