आगरा। कमलानगर में इटावा एसओजी के नाम पर व्यापारी को अगवा करने के प्रयासों का मामला अभी शांत नहीं हो पाया कि ट्रांस यमुना के एक व्यापारी को फर्जी एसटीएफ द्वारा पकड़कर दस लाख रुपये की चौथ मांगे जाने का सनसनीखेज मामला सामने आ गया। तसल्ली की बात रही कि फर्जी एसटीएफ के दो युवकों को थाना किरावली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया और उनके कब्जे से व्यापारी को छुड़ाकर परिवारीजनों को सौंप दिया।
ख़बरों के मुताबिक, अनिल कुमार की तन्वी हांडा के नाम से वॉशिंग पाउडर बनाने की फैक्ट्री है। शुक्रवार की दोपहर एक बजे पोड्या घाट निवासी अभिषेक गुप्ता उनके पास आया और वॉशिंग पाउडर की मार्केटिंग के लिए अनिल को भरतपुर की ओर ले गया।
रास्ते में अभिषेक ने षड्यंत्र के तहत अनिल को अपने साथियों को फर्जी एसटीएफ बनाकर पकड़वा दिया। उन्होंने अनिल की पिटाई भी की। उनके दबाव में दोपहर तीन बजे अनिल ने घर पर फोन कर सूचना दी कि उसे एसटीएफ ने पकड़ लिया है और छोड़ने के एवज में दस लाख रुपये मांगे जा रहे हैं। इससे परिजन परेशान हो गए। वे रुपयों की व्यवस्था कर युवकों के बताए गए स्थान पर जाने लगे।
युवकों द्वारा परिजनों को बार-बार जगह बदलकर बुलाया गया। पहले उन्होंने सैंया बुलाया, उसके बाद अछनेरा आने के लिए कहा। इस पर व्यापारी अनिल के भाई रामू को शक हो गया। उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम पर सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस एक्टिव हो गई।
युवकों का सुराग लगाते हुए किरावली पुलिस ने उन्हें धर दबोचा। पकड़े गए युवकों के नाम अभिषेक गुप्ता और मानवेंद्र हैं। उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने अनिल को परिजन को सौंप दिया। पूरे मामले में अनिल की पत्नी पूजा ने तहरीर दी है।
- राधास्वामी अंध विद्यालय में दिव्य सेवा ट्रस्ट का अनूठा सेवा कार्य: डॉ. अलका सेन के जन्मदिवस पर दृष्टिबाधित बच्चों के साथ बांटा भोजन और खुशियां - October 21, 2026
- मुनि समत्व सागर महाराज के पावन सानिध्य में गूंजे धर्म के संदेश: बोले— “सत्य को बनाया नहीं जा सकता, केवल खोजा जाता है, सम्यक ज्ञान ही मुक्ति का मार्ग है” - October 21, 2026
- आगरा के यमुनापार में दो दिन से फटी पाइपलाइन: लाखों लीटर पेयजल सड़क पर बर्बाद, जलकल विभाग के घेराव की चेतावनी - October 21, 2026