उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज स्थित एक कोचिंग सेंटर में सोमवार को भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। पुरनिया इलाके में स्थित इस इमारत में आग इतनी भयावह थी कि जान बचाने के लिए कई छात्र-छात्राएं ऊपरी मंजिल से नीचे कूद गए। इस दौरान कई विद्यार्थियों के घायल होने की सूचना है।
मौके पर पहुंची दमकल विभाग की चार गाड़ियों द्वारा आग बुझाने का युद्ध स्तर पर प्रयास जारी है। आग लगने के सटीक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है, लेकिन प्राथमिक तौर पर इसके पीछे शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है।
दमकल विभाग के एक कर्मी के अनुसार, स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के मुताबिक, आईटी ट्रेनिंग ले रहे करीब 10 से 12 लोग इमारत के अंदर फंसे हो सकते हैं। आग की लपटें और उठता घना धुआं पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले चुका है। स्थानीय नागरिक भी बचाव कार्य में पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम का सहयोग कर रहे हैं।
सीएम योगी ने लिया घटना का संज्ञान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के अलीगंज में हुई इस अग्नि दुर्घटना का तत्काल संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को तुरंत घटनास्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं। शासन द्वारा जारी आदेशों में राहत एवं बचाव कार्य में और तेजी लाने, स्थिति की निरंतर निगरानी करने तथा घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही प्रशासन को सभी स्तरों पर उच्च सतर्कता बरतने के लिए कहा गया है।
बताया जा रहा है कि जिस इमारत में यह कोचिंग चल रही थी, उसके निचले हिस्से में दुकान है। अचानक लगी आग के कारण पूरी बिल्डिंग में अफरा-तफरी मच गई। छज्जे और छत से कूदकर जान बचाते छात्रों के मंजर ने इलाके के लोगों को स्तब्ध कर दिया है। फिलहाल प्रशासन और फायर ब्रिगेड की प्राथमिकता इमारत में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की है।
- सुप्रीम कोर्ट का ऐतिहासिक फैसला: पैदल चलने का अधिकार अब मौलिक अधिकार, क्या अब बदलेगी आगरा की सड़कों की सूरत? - June 22, 2026
- यूपी में फैमिली कोर्ट का संकट: 4 लाख से अधिक पारिवारिक मामले पेंडिंग, RTI से हुआ बड़ा खुलासा - June 22, 2026
- यूपी में मौसम का मिजाज बदला: गोरखपुर, बलिया और बस्ती समेत 6 जिलों में तेज आंधी-बारिश, तापमान में गिरावट - June 22, 2026