आगरा: अखिल भारतीय जाट महासभा द्वारा ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व के मुद्दों पर उठाई गई मांगों ने जोर पकड़ लिया है। उत्तर प्रदेश सरकार की कैबिनेट मंत्री श्रीमती बेबी रानी मौर्य ने इस मामले में तत्काल संज्ञान लेते हुए आगरा के जिलाधिकारी मनीष बंसल को प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। सर्किट हाउस में आयोजित एक बैठक के दौरान मंत्री ने महासभा के प्रतिनिधिमंडल और जिलाधिकारी के बीच वार्ता कराई और अपनी संस्तुति के साथ सभी संबंधित दस्तावेज जिलाधिकारी को सौंपे।
क्या हैं मुख्य मांगें?
महासभा ने अपनी मांगों के माध्यम से आगरा की ऐतिहासिक पहचान को संजोने का आग्रह किया है। जिनमे आगरा किले के सामने महान शासक महाराजा सूरजमल एवं महाराजा जवाहर सिंह की प्रतिमाएं स्थापित की जाएं। आगरा किला परिसर में स्थित भरतपुर नरेश राजा रतन सिंह (महाराजा सूरजमल के पुत्र) की ऐतिहासिक हवेली को पर्यटकों के लिए खुलवाया जाए, जो वर्तमान में जीर्ण-शीर्ण अवस्था में है। निर्माणाधीन सिकंदरा मेट्रो स्टेशन का नाम वीर योद्धा रामकी चाहर और राजाराम जाट के सम्मान में ‘वीर योद्धा रामकी चाहर सिकंदरा मेट्रो स्टेशन’ रखा जाए।
मुख्यमंत्री कार्यालय तक पहुँचा है मामला
प्रतिनिधिमंडल ने अवगत कराया कि छपरौली से राष्ट्रीय लोकदल के विधायक डॉ. अजय कुमार ने इस विषय को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समक्ष उठाया था। इसके बाद, मुख्यमंत्री कार्यालय के निर्देश पर पर्यटन विभाग ने गत वर्ष आगरा प्रशासन से विस्तृत रिपोर्ट मांगी थी, लेकिन लंबे समय तक ठोस कार्रवाई न होने से महासभा ने पुनः मंत्री के माध्यम से दबाव बनाया है।
इतिहास को जीवंत रखने का संकल्प
महासभा के प्रतिनिधियों ने तर्क दिया कि वर्ष 1788 में रामकी चाहर और राजाराम जाट ने सिकंदरा पर अधिकार कर वीर गोकुला जाट की शहादत का प्रतिशोध लिया था। ऐसे गौरवशाली इतिहास को नई पीढ़ी तक पहुँचाने के लिए इनका नामकरण अत्यंत आवश्यक है।
बैठक में कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य का प्रतिनिधिमंडल ने पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया और सकारात्मक पहल के लिए आभार प्रकट किया। इस प्रतिनिधिमंडल में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कुंवर शैलराज सिंह (एडवोकेट), जिलाध्यक्ष कप्तान सिंह चाहर, महानगर अध्यक्ष गजेंद्र नरवार, महामंत्री लोकेन्द्र चौधरी और महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष श्रीमती निर्मल चाहर शामिल रहे। इस दौरान मंत्री के प्रतिनिधि यशपाल राणा और अभिनव मौर्य भी उपस्थित थे।
- आगरा के श्री महालक्ष्मी मंदिर में 1 सितंबर से सजेगा 18वां श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव, 11 किलो की सतरंगी पोशाक और निशान यात्रा रहेगी आकर्षण का केंद्र - August 24, 2026
- ’स्कूल चोरी’ का अनोखा मामला: यूपी में 5 गायब स्कूलों का पता बताने पर मिलेंगे 1 लाख रुपये, आप सांसद संजय सिंह ने दी खुली चुनौती - August 24, 2026
- मायावती ने राहुल गांधी के धरने पर भी साधा निशाना: कहा- संसद थाने के बाहर बैठे कांग्रेस नेता जंतर-मंतर पर दलितों का विरोध देखने क्यों नहीं गए? - August 23, 2026