सुल्तानपुर: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के 26 अक्टूबर को सुल्तानपुर दौरे के दौरान उनके काफिले के पीछे चल रहे वाहनों के दुर्घटनाग्रस्त होने की घटना को उत्तर प्रदेश पुलिस प्रशासन ने बेहद गंभीरता से लिया है। मामले की निष्पक्ष और गहन पड़ताल के लिए उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (DGP) के निर्देश पर एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है। यह टीम हादसे के कारणों, परिस्थितियों और सुरक्षा व्यवस्था में हुई किसी भी संभावित चूक की सूक्ष्मता से जांच करेगी।
लखनऊ आईजी किरण एस. बनाए गए एसआईटी अध्यक्ष
पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, तीन सदस्यीय इस एसआईटी (SIT) की अध्यक्षता लखनऊ परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक (IG) किरण एस. करेंगे। टीम में सुल्तानपुर के अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) बृज नारायण सिंह और यातायात पुलिस उपाधीक्षक (DSP Traffic) राम कृष्ण चतुर्वेदी को बतौर सदस्य शामिल किया गया है।
सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था के सभी पहलुओं की होगी पड़ताल
पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी प्रेस नोट के मुताबिक, एसआईटी दुर्घटना के मूल कारणों और परिस्थितियों की विस्तृत पड़ताल करेगी। जांच के दौरान इस बात का भी विशेष परीक्षण किया जाएगा कि क्या काफिले की सुरक्षा, एस्कॉर्ट गाड़ियों और यातायात व्यवस्था (Traffic Management) में कोई लापरवाही या चूक हुई थी।
इसके साथ ही, एसआईटी को भविष्य में वीआईपी दौरों के दौरान इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस सुझाव देने के भी निर्देश दिए गए हैं। टीम को जल्द से जल्द सभी पहलुओं की जांच पूरी कर अपनी विस्तृत रिपोर्ट पुलिस मुख्यालय को सौंपनी होगी।
कोर्ट से बरी होने के दिन ही हुआ था हादसा
उल्लेखनीय है कि राहुल गांधी 26 अक्टूबर को सुल्तानपुर की विशेष एमपी-एमएलए कोर्ट में पेशी के लिए आए थे। गृहमंत्री अमित शाह के खिलाफ वर्ष 2018 में की गई एक कथित टिप्पणी से जुड़े मानहानि मामले में स्पेशल मजिस्ट्रेट शुभम वर्मा की अदालत ने उन्हें साक्ष्य के अभाव में सादरा बरी कर दिया था।
राहुल गांधी सोमवार सुबह 11:19 बजे कोर्ट परिसर पहुंचे थे और 11:33 बजे फैसला आने के बाद बाहर आ गए थे। कोर्ट से राहत मिलने के बाद उनके समर्थकों में भारी उत्साह देखने को मिला था, लेकिन इसी दौरे के दौरान उनके काफिले के पीछे चल रहे वाहनों के दुर्घटनाग्रस्त होने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए थे, जिसकी अब एसआईटी जांच करेगी।
- बंगाल की खाड़ी में अत्यंत भीषण हुआ चक्रवात “अर्नब”, 28 अक्टूबर को आंध्र प्रदेश और यनम तट से टकराने की संभावना, यूपी-बिहार में भी बारिश का अलर्ट - October 27, 2026
- कड़ी सुरक्षा के बीच पंजाबी सुपरस्टार दिलजीत दोसांझ ने किया ताजमहल का दीदार, संगमरमर की नक्काशी देख हुए मंत्रमुग्ध - October 27, 2026
- अछनेरा के 2019 हत्या-अपहरण मामले में सुप्रीम कोर्ट का फैसला, जांच की खामियों पर अर्जुन बरी, यूपी सरकार देगी छह लाख रुपये मुआवजा - October 27, 2026