झांसी: उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में सड़क पर उस समय भारी हंगामा और अफरा-तफरी मच गई, जब किन्नरों के एक गुट ने जमकर उपद्रव काटा। आरोप है कि विरोध जता रहे किन्नरों ने नग्न होकर सड़क पर जाम लगा दिया, आम राहगीरों के साथ अभद्रता व मारपीट की और जब स्थिति को संभालने के लिए पुलिस मौके पर पहुंची तो उपद्रवी वर्दीधारियों से भी भिड़ गए। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया है।
पुलिस लाइन गेट के सामने बैरियर लगाकर किया जाम
पूरा मामला झांसी के नवाबाद थाना क्षेत्र का है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 24 अक्टूबर की शाम को अंशिका उर्फ अभिषेक, पूजा, नयनपारा, रश्यिन किन्नर और अंशिका की मां ममता पुलिस लाइन के मुख्य गेट के सामने एकत्रित हुईं। आरोपियों ने पुलिस लाइन के सामने रखे बैरियरों को बीच सड़क पर खींचकर रास्ता पूरी तरह से बाधित कर दिया।
इस दौरान सड़क से गुजर रहे आम नागरिकों और वाहन चालकों के साथ बदसलूकी की गई। कुछ आरोपी गाड़ियों के बोनट पर चढ़ गए और हंगामा करने लगे। जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची और उन्हें हटाने की कोशिश की, तो वे पुलिसकर्मियों से भी उलझ गए।
बब्ली मौसी से दो साल पुराना रंजिश का मामला
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस पूरे उपद्रव की मुख्य वजह किन्नर समाज के दो गुटों के बीच चला आ रहा पुराना विवाद है। आरोपी अंशिका पहले ‘बब्ली मौसी’ के गुट में शामिल थी। लेकिन करीब दो साल पूर्व बधाई मांगने के दौरान आम जनता से मिल रही शिकायतों और विवादों के चलते अंशिका को गुट से निष्कासित कर दिया गया था।
इसके बाद अंशिका ने अपना एक अलग समूह बना लिया, जिसके बाद से दोनों गुटों के बीच वर्चस्व और इलाका बांटने को लेकर तनातनी चल रही है।
थाने में फिनाइल पीकर जान देने की भी की थी कोशिश
आरोप है कि अंशिका का गुट पुलिस प्रशासन पर विरोधी बब्ली मौसी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने का अनुचित दबाव बना रहा था। मांग पूरी न होने से बौखलाए इस गुट ने सड़क जाम कर प्रदर्शन का रास्ता चुना।
इससे पूर्व 22 अक्टूबर को भी इसी रंजिश के दौरान एक किन्नर ने थाने के भीतर फिनाइल पीकर आत्महत्या करने का प्रयास किया था, हालांकि वहां मौजूद सतर्क पुलिसकर्मियों ने उसे वक्त रहते रोक लिया था।
5 आरोपी गिरफ्तार, भेजी गई जेल
पुलिस ने नवाबाद थाना क्षेत्र में हुड़दंग मचाने, सरकारी काम में बाधा डालने और राहगीरों के साथ मारपीट करने के आरोप में अंशिका उर्फ अभिषेक, पूजा, नयनपारा, रश्यिन और ममता को गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपियों को संबंधित धाराओं में अदालत के सामने पेश कर आगे की वैधानिक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
- कड़ी सुरक्षा के बीच पंजाबी सुपरस्टार दिलजीत दोसांझ ने किया ताजमहल का दीदार, संगमरमर की नक्काशी देख हुए मंत्रमुग्ध - October 27, 2026
- अछनेरा के 2019 हत्या-अपहरण मामले में सुप्रीम कोर्ट का फैसला, जांच की खामियों पर अर्जुन बरी, यूपी सरकार देगी छह लाख रुपये मुआवजा - October 27, 2026
- जयपुर हाउस के श्री राम पार्क में बिखरे पंजाबियत के रंग: ‘पंजाबी विरासत’ के सरगी मेले में गिद्धा और टप्पों ने बांधा समां - October 27, 2026