खंदौली में आयोजित कार्यक्रम में किसानों, स्वयं सहायता समूहों और उद्यमियों के लिए बैंक की योजनाओं की दी गई विस्तृत जानकारी
आगरा। पंजाब नेशनल बैंक, आगरा जोन द्वारा सूरज फार्म, खंदौली में किसान गोष्ठी, वित्तीय जागरूकता एवं
मेगा ऋण मुक्ति शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्राहकों को बैंक की विभिन्न योजनाओं से जोड़ना, वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देना, कृषि एवं स्वरोजगार संबंधी ऋण सुविधाओं की जानकारी देना तथा बकाया ऋण खातों के समाधान के लिए वन टाइम सेटलमेंट (ओटीएस) का लाभ उपलब्ध कराना था।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पंजाब नेशनल बैंक के कार्यपालक निदेशक एम परमसिवम थे। विशिष्ट अतिथियों में जोनल मैनेजर अंजू मित्तल सर्किल हेड संजय कुमार श्रीवास्तव उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं, बैंक ग्राहक एवं स्थानीय नागरिक शामिल हुए।
इस अवसर पर बैंक अधिकारियों द्वारा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, वित्तीय समावेशन योजनाओं, डिजिटल बैंकिंग सेवाओं तथा विभिन्न सरकारी एवं बैंकिंग योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही ग्राहकों को ऋण प्रबंधन, बचत, निवेश एवं बैंकिंग सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण सुझाव भी प्रदान किए गए।
मुख्य अतिथि कार्यपालक निदेशक एम परमसिवम ने अपने संबोधन में कहा कि पंजाब नेशनल बैंक देशभर में ग्राहक जागरूकता और वित्तीय सशक्तिकरण के लिए निरंतर अभियान चला रहा है। अलीगढ़ में सफल आयोजन के बाद आगरा में इस व्यापक कार्यक्रम का आयोजन किया गया है।
उन्होंने कहा कि बैंक का उद्देश्य केवल ऋण उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि ग्राहकों को वित्तीय रूप से सक्षम बनाना और उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप समाधान उपलब्ध कराना भी है। उन्होंने बताया कि इस मेगा शिविर के दौरान बड़ी संख्या में ग्राहकों के ऋण का समझौते के माध्यम से सफल निस्तारण किया गया, जिससे अनेक परिवारों को आर्थिक राहत प्राप्त हुई है। उन्होंने बैंक अधिकारियों से ग्राहकों के साथ संवेदनशीलता और सेवा भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
जोनल मैनेजर अंजू मित्तल ने कहा कि पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण एवं कृषि क्षेत्र के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। बैंक की विभिन्न योजनाएं किसानों, छोटे उद्यमियों, महिलाओं और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों के माध्यम से बैंक और ग्राहकों के बीच विश्वास का संबंध और मजबूत होता है तथा लोगों को बैंकिंग सेवाओं का अधिकतम लाभ प्राप्त होता है।
सर्किल हेड संजय कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि वित्तीय समावेशन बैंक की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने ग्राहकों से डिजिटल बैंकिंग सेवाओं को अपनाने, समय पर ऋण अदायगी करने तथा बैंक की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया।
उन्होंने बताया कि स्वयं सहायता समूहों और किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए बैंक निरंतर विशेष पहल कर रहा है और भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।
कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य निष्पादन के लिए कृषि अधिकारी सत्यधा मिश्रा को “बेस्ट टारगेट अचीवर अवार्ड” से सम्मानित किया गया।
- CM योगी के ड्रीम प्रोजेक्ट पर संकट: माफिया मुख्तार की जमीन पर बनी आवासीय योजना को सिंचाई विभाग ने बताया अवैध, बुलडोजर लेकर पहुँचे - June 18, 2026
- सेवा, सुशासन और सामाजिक न्याय के 12 वर्ष: ‘विकसित भारत सम्मेलन’ में केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने गिनाईं मोदी सरकार की ऐतिहासिक उपलब्धियां - June 18, 2026
- बर्मिंघम में लहराया आगरा का परचम: कवयित्री निशिराज जैन को अंतरराष्ट्रीय मंच पर मिला विश्व स्तरीय सम्मान - June 18, 2026