हापुड़: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के नगला उदयरामपुर गांव में शुक्रवार को एक किराए के कमरे में महिला का शव मिलने से हड़कंप मच गया था। इस मामले का पुलिस ने अब सफल अनावरण कर लिया है। पुलिस ने हत्या के आरोपी प्रेमी, आजमगढ़ निवासी अमृतलाल यादव को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कुबूल कर लिया है।
तीन साल पुरानी प्रेम कहानी और धोखे का सच
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतका अनु कुमारी मूल रूप से देवरिया की रहने वाली थी। वह अपने माता-पिता के साथ पंजाब के मंडी गोबिंदगढ़ में रहकर एक आयुर्वेदिक कंपनी में सेल्स गर्ल के पद पर कार्यरत थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात फास्ट फूड का ठेला लगाने वाले अमृतलाल यादव से हुई। अनु रोज ड्यूटी से लौटते वक्त वहां मोमोज खाने जाती थी, जिससे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और यह रिश्ता करीब तीन साल तक चला।
चौंकाने वाली बात यह है कि अनु अपने पहले पति से अलग रह रही थी और उसकी ढाई साल की एक बेटी भी थी। वहीं, आरोपी अमृतलाल भी पहले से शादीशुदा था और उसकी पत्नी व दो बच्चे आजमगढ़ में रहते हैं। हाल ही में अमृतलाल ने मसूरी-गुलावठी रोड स्थित एक फैक्ट्री में नौकरी जॉइन की थी और दोनों नगला उदयरामपुर में पति-पत्नी बताकर किराए के मकान में रहने लगे थे।
शादी का दबाव और ब्लैकमेलिंग बनी हत्या की वजह
धौलाना क्षेत्राधिकारी अनीता चौहान ने बताया कि आरोपी ने खुलासा किया है कि अनु लगातार उस पर अपनी पहली पत्नी को छोड़कर शादी करने का दबाव बना रही थी। आरोपी के अनुसार, अनु ने उसके साथ शारीरिक संबंधों के दौरान कुछ अश्लील वीडियो भी बना लिए थे, जिसके जरिए वह उसे निरंतर ब्लैकमेल कर रही थी। शुक्रवार की रात शादी के मुद्दे पर दोनों के बीच तीखी बहस हुई। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर अमृतलाल ने अनु की चुन्नी से उसका गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया था।
आरोपी को कोई मलाल नहीं
मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने आरोपी अमृतलाल यादव को नगला उदयरामपुर के निकट से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई चुन्नी भी बरामद कर ली है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने हत्या की साजिश पहले ही रच ली थी और उसका इरादा शव को ठिकाने लगाने का था, लेकिन उसे मौका नहीं मिल सका। अमृतलाल ने बड़ी बेबाकी से कहा कि वह अपनी पत्नी और बच्चों को नहीं छोड़ सकता था और उसे अपनी इस हरकत पर कोई ग्लानि नहीं है। फिलहाल, पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।
- गोंडा के स्कूल में स्वतंत्रता दिवस पर भोजपुरी गानों पर डांस: बुर्के में हिंदू छात्राओं के परफॉर्मेंस का वीडियो वायरल होने पर मचा बवाल, BSA ने दिए जांच के आदेश - August 18, 2026
- आगरा में शादी के महज पांच दिन बाद 11 लाख रुपये के जेवर और नकदी लेकर नौ दो ग्यारह हुई दुल्हन, बिचौलिया सिंडिकेट की जांच में जुटी पुलिस - August 18, 2026
- Agra News: आईआईएमटी ग्रुप के निदेशक के दोनों शस्त्र लाइसेंस निरस्त, आपराधिक मुकदमे और तथ्य छिपाने पर हुई कार्यवाई - August 18, 2026