आगरा। आगरा में दोस्ती और भरोसे की आड़ में करोड़ों की ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। कमला नगर थाना क्षेत्र में एक ज्वेलर से उसकी पत्नी की करीबी सहेली ने व्यापारिक लेन-देन के नाम पर 6.75 करोड़ रुपये हड़प लिए। हैरानी की बात यह है कि बकाया चुकाने के लिए दिया गया प्लॉट का एग्रीमेंट भी फर्जी निकला। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी महिला और उसके आठ परिजनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कमला नगर निवासी ज्वेलर गौरव पोद्दार ने पुलिस को बताया कि मोती कटरा में उनकी फर्म शिव शक्ति ट्रेडर्स है, जिसका संचालन उनकी पत्नी संगीता के नाम से होता है। संगीता की सहेली पिंकी झा, जो सिकंदरा क्षेत्र की ईंट की मंडी स्थित वीएस टॉवर की रहने वाली है, लंबे समय से अपने पति के कारोबार के लिए उधारी में ज्वेलरी देने का दबाव बना रही थी।
पीड़ित के अनुसार 17 अक्टूबर 2025 को पत्नी के कहने पर उन्होंने पिंकी झा की फर्म एए इंटरप्राइजेज, किनारी बाजार को करीब 11.58 करोड़ रुपये की ज्वेलरी सौंप दी। इसके बदले में 4.83 करोड़ रुपये का भुगतान तो कर दिया गया, लेकिन 6.75 करोड़ रुपये बकाया रह गए। रकम मांगने पर आरोपी पक्ष टालमटोल करता रहा और तरह-तरह के बहाने बनाता रहा।
कुछ समय बाद पिंकी झा, उसकी सास उमा रानी और ननद कंचन झा ने बकाया चुकाने के नाम पर एक प्लॉट का मूल बैनामा और एग्रीमेंट दिया। भरोसा दिलाया गया कि जल्द ही पूरा भुगतान कर दिया जाएगा। लेकिन जब ज्वेलर ने दस्तावेजों की जांच कराई तो सामने आया कि एग्रीमेंट पूरी तरह फर्जी है।
धोखाधड़ी का खुलासा होने पर जब ज्वेलर ने कानूनी कार्रवाई की बात कही तो आरोपियों ने कथित तौर पर उसे झूठे मुकदमों में फंसाने और पूरी रकम हड़प लेने की धमकी दी।
आरोप है कि 31 अक्टूबर को जब ज्वेलर बकाया रकम मांगने आरोपियों की दुकान पर पहुंचा तो पिंकी झा के पति रोहित झा, देवर मोहित झा और ननद कंचन झा समेत अन्य लोगों ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
घटना से आहत ज्वेलर ने लेन-देन से जुड़े सभी बिल, रसीदें और दस्तावेज पुलिस आयुक्त के समक्ष पेश किए। मामले को गंभीरता से लेते हुए उनके निर्देश पर कमला नगर थाने में एफआईआर दर्ज की गई।
डीसीपी सैय्यद अली अब्बास ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। ठगी, फर्जी दस्तावेज और धमकी से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- ’संस्कार’ धारावाहिक समीक्षा: बिखरते पारिवारिक रिश्तों के बीच के.सी. और राजेश बोकाडिया की शानदार और भावुक कर देने वाली प्रस्तुति - October 29, 2026
- औरंगजेब के दौर की अनकही कहानी पर्दे पर लाएंगे अजय राम: हिंदी फिल्म ‘मुगलों की मीरा’ की घोषणा - October 29, 2026
- प्रयागराज की महिमा बनीं महिला सशक्तिकरण की मिसाल: खेतों में मजदूरी करने वाली बेटी ‘एजुकेट गर्ल्स’ और RSETI के जरिए बनी आत्मनिर्भर - October 29, 2026