लखनऊ। उत्तर प्रदेश में बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस और प्रशासन के शीर्ष अधिकारियों के साथ शनिवार को एक उच्च स्तरीय कानून-व्यवस्था समीक्षा बैठक की। राजधानी लखनऊ और गाजियाबाद सहित प्रदेश के कई जिलों में हुई हत्या की वारदातों को लेकर सीएम काफी सख्त नजर आए।
लापरवाही पर अधिकारियों पर हुई कार्रवाई
लखनऊ में हाल ही में हुए भाजपा नेता और बिल्डर हत्याकांड का मुख्यमंत्री ने कड़ा संज्ञान लिया। घटना में लापरवाही बरतने के आरोप में सीएम के आदेश पर विभूति खंड के एसीपी विनय द्विवेदी और इंस्पेक्टर अमर सिंह को तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया है।
बैठक में सीएम ने साफ शब्दों में कहा कि अपराधियों के प्रति नरमी और कानून-व्यवस्था में ढिलाई किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अफसरों को दी गई दो टूक चेतावनी
सीएम ने प्रदेश के सभी पुलिस अधिकारियों को हिस्ट्रीशीटरों की सक्रिय निगरानी के निर्देश दिए हैं। उन्होंने गाजीपुर की हालिया घटनाओं और हमीरपुर पुल हादसे के बाद कुछ पुलिस अधिकारियों द्वारा की गई गैर-जिम्मेदाराना बयानबाजी पर नाराजगी जताते हुए उन्हें फटकार लगाई।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि जिन जिलों में सांप्रदायिक सद्भाव बिगाड़ने की साजिश रची जा रही है, वहां पुलिस की कार्यशैली में तत्काल सुधार होना चाहिए। गाजियाबाद में हाल ही में हुई दो हत्याओं के मामलों को प्राथमिकता पर लेकर जल्द से जल्द खुलासा किया जाए। यदि जिलों में अपराध का ग्राफ बढ़ता है, तो वहां के संबंधित पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी सीधे जिम्मेदार माने जाएंगे और उन पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित होगी।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश भर के सभी वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ जुड़ी इस बैठक में मुख्यमंत्री ने अपराध मुक्त उत्तर प्रदेश के अपने संकल्प को दोहराते हुए कहा कि पुलिस को अपनी साख और कार्यक्षमता को बढ़ाना होगा।
- आगरा में विकास की नई रफ्तार: 276 करोड़ की लागत से बदलेगी सड़कों की सूरत, CM-GRIDS फेज-2 का आगाज - May 31, 2026
- आगरा में आस्था का सैलाब: 51वीं श्रवण गंगा यात्रा का भव्य आगाज, 150 से अधिक वाहनों के साथ सोरों जी रवाना हुए श्रद्धालु - May 31, 2026
- विकास से नहीं, तिकड़म से जीते जाते हैं चुनाव…बीजेपी विधायक श्याम प्रकाश का ‘सीक्रेट’ मंत्र वायरल - May 31, 2026