गाजियाबाद। गाजियाबाद के चर्चित सूर्या चौहान हत्याकांड में पुलिस ने रविवार तड़के एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस मुठभेड़ में मुख्य आरोपी असद को मार गिराया गया है। आरोपी पर पुलिस ने 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था और वह शहर छोड़कर भागने की ताक में था।
वसुंधरा में हुई मुठभेड़
पुलिस के अनुसार, रविवार सुबह करीब 4 बजे वसुंधरा इलाके में घेराबंदी के दौरान असद ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में वह गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बकरीद पर हुई थी नृशंस हत्या
17 वर्षीय सूर्या चौहान की हत्या की यह घटना बकरीद के दिन सामने आई थी, जिसने पूरे गाजियाबाद को दहला दिया था। सूर्या को उसके एक नाबालिग दोस्त के जरिए फोन कर बाहर बुलाया गया था। आरोप है कि असद ने अपने साथियों के साथ मिलकर सूर्या को घेरा और उस पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए।
सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई इस वारदात के दौरान हमलावरों की क्रूरता सामने आई थी। प्रत्यक्षदर्शियों और जांच के मुताबिक, हमला करने से पूर्व असद ने सूर्या से बेहद आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए कहा था, “क्या कभी बकरा हलाल होते देखा है? आओ, दिखाते हैं।”
तनाव के बीच भारी सुरक्षा बल तैनात
यह मामला दो समुदायों से जुड़ा होने के कारण इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है। रविवार सुबह प्रदेश सरकार में मंत्री सुनील कुमार शर्मा पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाने उनके आवास पहुंचे। उन्होंने अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाते हुए परिवार के एक सदस्य को संविदा पर नौकरी देने का आश्वासन दिया।
कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सूर्या के घर के बाहर भारी पुलिस बल और रैपिड रिस्पांस फोर्स (RRF) की तैनाती की गई है। एहतियात के तौर पर आसपास के बाजारों को बंद करा दिया गया है।
शनिवार को भी इस घटना के विरोध में करीब 10 घंटे तक हंगामा हुआ था। परिवार की नाराजगी के चलते अंतिम संस्कार में देरी हुई थी, जिसे बाद में प्रशासन की समझाइश पर संपन्न कराया गया।
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और बसपा प्रमुख मायावती सहित कई नेताओं ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों को कठोरतम सजा देने की मांग की थी।
- आगरा कॉलेज में एनएसएस के विशेष ग्रीष्मकालीन शिविर का समापन, स्वयंसेवकों ने पर्यावरण और सामाजिक सरोकारों का दिया संदेश - May 31, 2026
- Agra News: फतेहाबाद रोड पर छाया ‘तकनीक का जादू’, ड्रोन और लेजर लाइट शो के अद्भुत नजारों से जगमगाया आसमान - May 31, 2026
- Agra News: हाईवे को जाम से मिलेगी मुक्ति, 1 जून से हाथरस-अलीगढ़ रूट की बसें अब आईएसबीटी के बजाय ‘टेढ़ी बगिया’ से होंगी संचालित - May 31, 2026