आगरा। राज्यसभा सांसद नवीन जैन के नेतृत्व में चलाए जा रहे बहु-चरणीय ‘राष्ट्र प्रथम अभियान’ का बुधवार को एक भव्य और अनुशासित समापन हुआ। स्पीड कलर लैब के समीप आयोजित ‘सामूहिक शपथ संकल्प कार्यक्रम’ में शहर के युवाओं, महिलाओं और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने बड़ी संख्या में शिरकत की और देशहित में कार्य करने की शपथ ली।
राज्यसभा सांसद नवीन जैन के नेतृत्व में चलाए जा रहे “राष्ट्र प्रथम अभियान” के अंतिम चरण में स्पीड कलर लैब के समीप शांतिपूर्ण एवं भव्य “सामूहिक शपथ संकल्प कार्यक्रम” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं, महिलाओं, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों ने सहभागिता कर राष्ट्रहित से जुड़े संकल्पों को अपनाने की शपथ ली। कार्यक्रम के दौरान पूरे क्षेत्र में राष्ट्रभक्ति एवं जनजागरण का वातावरण देखने को मिला।
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रध्वज फहराए गए तथा उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के सात आव्हानों से संबंधित तख्तियां हाथों में लेकर एकजुट होकर राष्ट्रहित में कार्य करने का संकल्प लिया। “राष्ट्र प्रथम अभियान” के माध्यम से लोगों को स्वदेशी अपनाने, ईंधन की बचत करने, सार्वजनिक परिवहन एवं कारपूलिंग को बढ़ावा देने तथा आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूत करने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने मंच से उपस्थित जनसमूह को सामूहिक राष्ट्रहित शपथ दिलाई। कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों के हाथों में शपथ संकल्प पत्र था, जिसे सांसद नवीन जैन ने मंच से पढ़ा तथा उपस्थित जनसमूह ने एक स्वर में उसे दोहराया। शपथ के दौरान पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति एवं जनसंकल्प की भावना से गूंज उठा। इसके साथ ही शपथ संकल्प पत्र पर आम जनमानस ने अपने हस्ताक्षर कर राष्ट्रहित के संकल्प के प्रति अपनी सहभागिता एवं प्रतिबद्धता भी दर्ज कराई।
सांसद नवीन जैन ने कहा कि राष्ट्र निर्माण केवल सरकार का नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों में भारत को और अधिक मजबूत बनाने के लिए सामूहिक सहभागिता एवं जनजागरूकता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने लोगों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के सात आव्हानों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने का आव्हान किया।
अभियान सह संयोजक वैभव जैन ने कहा कि “राष्ट्र प्रथम अभियान” के माध्यम से युवाओं में राष्ट्रहित एवं सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति सकारात्मक जागरूकता देखने को मिल रही है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार बड़ी संख्या में युवाओं एवं आमजन ने अभियान से जुड़कर सहभागिता की है, वह समाज में राष्ट्र प्रथम की भावना को और अधिक मजबूत करने का कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनसहभागिता के माध्यम से राष्ट्रनिर्माण की दिशा में बढ़ाया गया एक महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यक्रम के दौरान
“60 मिनट – 7 संकल्प”
“आओ लें सामूहिक शपथ”
“देश को दें एक घंटा”
जैसे स्लोगनों के माध्यम से लोगों को राष्ट्रहित के लिए समय देने एवं सामाजिक जिम्मेदारियों के निर्वहन के प्रति प्रेरित किया गया।
ज्ञात हो कि राज्यसभा सांसद नवीन जैन के नेतृत्व में 19 मई को “राष्ट्र प्रथम अभियान” के प्रथम चरण में विशाल जन संकल्प यात्रा निकाली गई थी, जिसमें भारी जनसैलाब उमड़ा था। इसके बाद अभियान के विभिन्न चरणों में शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में सामाजिक स्तर पर लगातार जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के सात आव्हानों को धरातल तक पहुंचाने तथा आमजन को राष्ट्रहित के संकल्पों से जोड़ने का कार्य किया गया।
अभियान की सबसे महत्वपूर्ण विशेषता यह रही कि इसके दोनों प्रमुख कार्यक्रमों – जन संकल्प यात्रा एवं सामूहिक शपथ संकल्प कार्यक्रम -में जनता का अभूतपूर्व स्नेह और समर्थन देखने को मिला। बड़ी संख्या में आमजन ने स्वेच्छा से भागीदारी कर अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप प्रदान किया। शहर में पहली बार किसी सामाजिक एवं राष्ट्रहित आधारित अभियान के दोनों मुख्य कार्यक्रमों में इस प्रकार की व्यापक जनसहभागिता, उत्साह और अनुशासित सहभाग देखने को मिला, जिसकी चर्चा पूरे शहर में रही।
अभियान के अंतर्गत बाजारों, चौराहों, रेलवे स्टेशन, सरकारी कार्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर जनसंपर्क कर लोगों को राष्ट्र प्रथम की भावना से जोड़ने का प्रयास किया गया। अंतिम चरण में आयोजित सामूहिक शपथ संकल्प कार्यक्रम में भी आगरा के जनमानस ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। लोगों में अभियान को लेकर जिस प्रकार का उत्साह एवं समर्थन देखने को मिला, उसे शहर में एक नई सामाजिक जागरूकता के रूप में देखा जा रहा है। उपस्थित लोगों का कहना था कि इस प्रकार का बहु-चरणीय जनजागरण अभियान एवं राष्ट्रहित को समर्पित सामूहिक संकल्प कार्यक्रम आगरा में पहली बार देखने को मिला है।
कार्यक्रम की विशेष बात यह रही कि पूरा आयोजन अत्यंत व्यवस्थित एवं अनुशासित तरीके से संपन्न हुआ। आमजन ने आगे बढ़कर करसेवकों की तरह जिम्मेदारी निभाई तथा राष्ट्रहित के संदेश को लोगों तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाई। लोगों ने स्वयं आगे आकर जनजागरूकता अभियान को सफल बनाने में सहयोग किया।
वहीं कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे अधिकांश लोग कारपूलिंग एवं इलेक्ट्रिक वाहनों के माध्यम से पहुंचे, जिससे अभियान के मूल संदेश — ईंधन बचत, पर्यावरण संरक्षण एवं सामूहिक जिम्मेदारी — को भी व्यवहारिक रूप में प्रदर्शित किया गया। यह पहल कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच विशेष चर्चा का विषय रही।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए देश के विकास एवं आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूत करने की शपथ ली। बड़ी संख्या में युवाओं एवं महिलाओं की सहभागिता ने कार्यक्रम को और अधिक प्रभावशाली बना दिया।
इस दौरान कार्यक्रम का संचालन पार्षद पंकज अग्रवाल व दीपक जैन ने किया, इस अवसर पर विधायक जी एस धर्मेश, महानगर अध्यक्ष भाजपा राजकुमार गुप्ता, सफाई आयोग के सदस्य कमल वाल्मीक, अभियान संयोजक राहुल जैन, अमित ग्वाला, जगदीश पचौरी, जे डी शर्मा, नितेश शिवहरे धर्मवीर लोधी, छावनी परिषद के उपाध्यक्ष राजेश गोयल, राहुल वैध, नागेश शर्मा, राजीव जैन, भगवान दास प्रजापति,प्रवीण कन्नौजिया, अतुल गर्ग, महिला संयोजक बबीता पाठक, पार्षद राकेश जैन, विकास भारद्वाज, मुकेश सोलंकी, नेहा गुप्ता, रोहित अली चिश्ती, वंश अग्रवाल सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
- आगरा एसएन मेडिकल कॉलेज में बवाल: तीमारदारों ने डॉक्टरों को पीटा, दो चिकित्सक घायल; रेजिडेंट्स में भारी आक्रोश - May 28, 2026
- आगरा में सट्टेबाजों का आतंक: विरोध करने पर दंपति को बेरहमी से पीटा, महिला का सिर दीवार में दे मारा - May 28, 2026
- Agra News: कुल्फी कारोबारी से विवाद के बाद नरायच में मचा बवाल, पुलिस ने एक आरोपी को दबोचा; फरार साथियों की तलाश जारी - May 28, 2026