आगरा। मानस नगर स्थित श्रवण बैडमिंटन एकेडमी में बुधवार को जीएसटी विभाग के अधिकारियों और आगरा व्यापार मंडल के सदस्यों के बीच आयोजित मैत्रीपूर्ण बैडमिंटन टूर्नामेंट में खेल भावना और आपसी सौहार्द का शानदार संगम देखने को मिला। कड़े मुकाबले के बाद आगरा व्यापार मंडल ने जीत हासिल कर टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया।
फाइनल में व्यापार मंडल का दबदबा
टूर्नामेंट का फाइनल मैच बेहद रोमांचक रहा, जिसमें आगरा व्यापार मंडल की ओर से प्रशांत मंगल और संजीव गुप्ता की जोड़ी ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए जीएसटी विभाग के एडिशनल कमिश्नर पंकज गांधी और उनके साथी खिलाड़ी को सीधे सेटों में 15-11 और 15-6 से मात दी। दर्शकों ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों द्वारा दिखाए गए बेहतरीन ‘स्मैश’ और फुर्ती की जमकर सराहना की।
25 मुकाबलों में दिखा खेल प्रेम
इस प्रतियोगिता में कुल 25 मुकाबले खेले गए, जिनमें दोनों ही पक्षों ने जबरदस्त जुनून दिखाया। जीएसटी टीम का नेतृत्व एडिशनल कमिश्नर पंकज गांधी ने किया, जबकि आगरा व्यापार मंडल की कमान विनोद सीतलानी ने संभाली।
जीएसटी विभाग की ओर से 14 और आगरा व्यापार मंडल की ओर से विभिन्न व्यापारिक संगठनों के 22 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इस टूर्नामेंट में एक्मा, पेठा कुटीर एसोसिएशन, फार्मा एसोसिएशन, ब्रश एसोसिएशन, मार्बल एसोसिएशन सहित कई प्रमुख संगठनों के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
सौहार्द और समन्वय का माध्यम: टीएन अग्रवाल
इस आयोजन के मुख्य प्रेरणास्रोत आगरा व्यापार मंडल के अध्यक्ष टीएन अग्रवाल और जीएसटी कमिश्नर ग्रेड-1 पंकज गांधी रहे। टीएन अग्रवाल ने कहा कि ऐसे खेल आयोजन प्रशासनिक विभागों और व्यापारिक जगत के बीच समन्वय और सकारात्मक संबंध स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वहीं, एडिशनल कमिश्नर पंकज गांधी ने कहा कि खेल अनुशासन और टीम भावना को बढ़ावा देते हैं और भविष्य में ऐसे मैत्रीपूर्ण आयोजन जारी रहेंगे।
इस अवसर पर महामंत्री अशोक मंगवानी, संगठन महामंत्री राकेश बंसल, कोषाध्यक्ष नितेश अग्रवाल, एडिशनल कमिश्नर ग्रेड-2 अंजनी अग्रवाल सहित शहर के कई गणमान्य व्यापारी और जीएसटी विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे, जिन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
- मायावती ने राहुल गांधी के धरने पर भी साधा निशाना: कहा- संसद थाने के बाहर बैठे कांग्रेस नेता जंतर-मंतर पर दलितों का विरोध देखने क्यों नहीं गए? - August 23, 2026
- श्रावण मास के चौथे सोमवार को लेकर सजी पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर की भव्य अलौकिक छटा, परंपरागत मेले का हर्षोल्लास के साथ हुआ शुभारंभ - August 23, 2026
- नाम के साथ ‘था’ नहीं, ‘थे’ बनकर जिएं…आगरा में ‘वंडरफुल जैनिज्म-6’ का आयोजन, मुनिश्री समत्व सागर महाराज ने युवाओं को दिए जीवन-मूल्यों के संस्कार - August 23, 2026