आगरा। जनपद के एत्मादपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत गढ़ी महासिंह खेड़ा गांव में हुए चर्चित अमित हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। नाली के मामूली विवाद में जान लेने वाले दो और फरार आरोपियों को पुलिस ने दबोच लिया है। पकड़े गए अभियुक्तों की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त किया गया फावड़ा भी बरामद कर लिया है।
नाली का विवाद बना था जानलेवा
बता दें कि कुछ दिन पहले गढ़ी महासिंह खेड़ा गांव में नाली की सफाई और पानी के निकास को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया था। विवाद इतना बढ़ा कि लाठी-डंडों और फावड़े चलने लगे। इस हमले में अमित नाम का युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। इस घटना के बाद से ही गांव में भारी तनाव व्याप्त था।
रेलवे स्टेशन के पास से हुई गिरफ्तारी
एत्मादपुर थाना पुलिस हत्यारोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही थी। सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने अभियुक्त जीतू और राहुल को मितावली रेलवे स्टेशन के पास से घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर झाड़ियों में छिपाकर रखा गया खून से सना फावड़ा भी बरामद कर लिया गया है।
चार आरोपी अब तक जा चुके हैं जेल
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस सनसनीखेज मामले में गंभीर और प्रमोद नामक दो मुख्य आरोपियों को पहले ही सलाखों के पीछे भेजा जा चुका है। अब दो और गिरफ्तारियों के साथ ही पुलिस इस हत्याकांड की कड़ियों को पूरी तरह जोड़ने में जुटी है। एत्मादपुर पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
- केरलम सरकार ने CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ दिया 20 साल पुराने मामले में विजलेंस जांच का आदेश, इंजीनियर ने किया था सुसाइड - October 4, 2026
- आगरा के फतेहपुर सीकरी में सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा: आंखों की कमजोरी बनी महिला की जान की दुश्मन, पहचान लिए जाने के डर से आरोपी ने घोंटा गला, चोरी के लिए घर में घुसा था कातिल - October 4, 2026
- आगरा के निबोहरा में खेत में मिट्टी डालने को लेकर खूनी संघर्ष: ताबड़तोड़ फायरिंग में गोली लगने से किशोरी की मौत, चार घायल - October 4, 2026