आगरा में होली पर ‘खूनी’ रंजिश: एत्मादपुर के गढ़ी महासिंह खेड़ा में छात्र की हत्या, नाली विवाद में बरपा दबंगों का कहर

Crime

आगरा: ताजनगरी के थाना एत्मादपुर क्षेत्र के गांव गढ़ी महासिंह खेड़ा में होली के उल्लास के बीच एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। मामूली नाली विवाद को लेकर दबंगों ने एक परिवार पर लाठी-डंडों, सरिया और फावड़े से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में गंभीर रूप से घायल 25 वर्षीय छात्र अमित सिंह ने बुधवार को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। अमित की मौत के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया है और सुरक्षा के मद्देनजर तनावपूर्ण शांति बनी हुई है।

मामूली कहासुनी और फिर खूनी संघर्ष

ग्रामीणों के अनुसार, विवाद की शुरुआत मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे हुई थी। अमित सिंह और दूसरे पक्ष के एक युवक के बीच नाली की सफाई और पानी निकासी को लेकर तीखी बहस हुई। उस समय ग्रामीणों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत करा दिया था। लेकिन शाम करीब सात बजे दबंग पक्ष ने पूरी तैयारी के साथ अमित के घर पर धावा बोल दिया।

छात्र पर सरिया और फावड़े से वार

आरोप है कि हमलावरों ने अमित, उसके भाई रंजीत और पिता जगत पर लाठी-डंडों के साथ-साथ सरिया और फावड़े से हमला किया। हमले के दौरान अमित के सिर पर गंभीर चोट आई, जिससे वह मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा। आनन-फानन में पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां अमित को एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। बुधवार को इलाज के दौरान अमित की सांसों की डोर टूट गई।

​परिजनों में कोहराम, सात पर मुकदमा

अमित एक होनहार छात्र था और अपनी पढ़ाई पूरी कर रहा था। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। होली के दिन घर में अबीर-गुलाल की जगह आंसुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। घटना के विरोध में गांव में होली नहीं मनाई गई। एत्मादपुर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर सात नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या और संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

​पुलिस की कार्रवाई

एत्मादपुर सर्किल के एसीपी देवेश कुमार ने बताया कि गढ़ी महासिंह खेड़ा में मारपीट की सूचना पर पुलिस तत्काल सक्रिय हुई थी। घायल अमित की मृत्यु के बाद मामले की गंभीरता बढ़ गई है। नामजद सात आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं। गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि स्थिति नियंत्रण में रहे।

Dr. Bhanu Pratap Singh