आगरा: होली के आगामी त्योहार को देखते हुए आगरा प्रशासन मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ बेहद सख्त हो गया है। जिलाधिकारी के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) की टीम ने बुधवार को जनपद के विभिन्न इलाकों में विशेष छापामारी अभियान चलाया। इस दौरान शाहगंज और धिमश्री क्षेत्र में भारी मात्रा में मिलावटी मिठाइयां पकड़ी गईं, जिन्हें मौके पर ही नष्ट करा दिया गया।
शाहगंज में बड़ी कार्रवाई: 200 किलो से अधिक मिठाई नष्ट
FSDA की टीम ने शाहगंज के भोगीपुरा (गुलाब नगर) स्थित ‘मां कमला फूड्स’ पर अचानक छापा मारा। निरीक्षण के दौरान वहां बनी मिठाइयों की गुणवत्ता संदिग्ध पाई गई।
मानकों का उल्लंघन मिलने पर टीम ने 119 किलोग्राम मिल्क केक (कीमत ₹33,320/-), 90 किलोग्राम डोडा बर्फी (कीमत ₹27,000/-), जनहित में असुरक्षित मानते हुए मौके पर ही नष्ट करा दिया। टीम ने यहां से डोडा बर्फी और मिल्क केक के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं।
धिमश्री में भी चला प्रशासन का डंडा
अभियान के तहत टीम धिमश्री स्थित ‘अनिल स्वीट्स’ भी पहुंची। यहाँ भी गुणवत्ता खराब मिलने पर लगभग 25 किलोग्राम बर्फी (कीमत ₹8,750/-) को नष्ट कराया गया। इसके अलावा शहर के अन्य हिस्सों से बालूशाही, तैयार छोले और बर्फी के सैंपल भी भरे गए हैं।
प्रशासन की अपील:
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान होली तक निरंतर जारी रहेगा। विभाग ने आम जनता से अपील की है कि वे मिठाइयां या अन्य खाद्य पदार्थ खरीदते समय स्वच्छता और गुणवत्ता की जांच अवश्य करें। लैब रिपोर्ट आने के बाद संबंधित दुकानदारों के खिलाफ कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
- आगरा में सिस्टम की लापरवाही से सड़क के गड्ढे में दो घंटे फंसी रही एंबुलेंस: प्रसव में देरी के चलते जन्मी मृत बच्ची, ग्रामीणों ने की कार्रवाई की मांग - September 6, 2026
- जन्माष्टमी पर रिलीज हुआ नया आध्यात्मिक रैप गीत ‘मैं ही कृष्ण, मैं ही राम’: अंशुल चौबे और देव-ऋषि के संगीत ने युवाओं में जगाई धार्मिक और सांस्कृतिक रुचि - September 6, 2026
- लड्डू गोपाल झूले में झूले, नंदोत्सव की खुशियों में झूमा श्री गिरिराज जी सेवा मंडल परिवार: फतेहाबाद रोड पर सजी ब्रज की संस्कृति की अद्भुत छटा - September 6, 2026