आगरा: ग्लैमर लाइव फिल्म एवं डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के आईटीएचएम (ITHM) विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 8वें ग्लोबल ताज इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल का समापन समारोह उत्साह और गरिमा के साथ संपन्न हुआ। विश्वविद्यालय के जेपी सभागार में आयोजित अवॉर्ड सेरेमनी के दौरान भारतीय सिनेमा के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय फिल्मों को भी सम्मानित किया गया।
समापन दिवस पर सुबह से ही विभिन्न फिल्मों की स्क्रीनिंग का सिलसिला जारी रहा। फेस्टिवल में ईरान, जर्मनी, जापान, यूनाइटेड किंगडम और भारत सहित कई देशों की फिल्मों का प्रदर्शन किया गया। कोटा से आई ‘इंचेंटिंग मुकुंदरा’, अलीगढ़ से ‘बैंड बाजा और सितारा’, आगरा से ‘संत साई कांवर राम’, मुंबई से ‘द राइटर’ तथा समापन फिल्म ‘पारो’ को दर्शकों ने खूब सराहा।
ब्रज सिनेमा और पैरेलल सिनेमा पर पैनल डिस्कशन
कार्यक्रम के अंतर्गत ब्रज सिनेमा और पैरेलल सिनेमा के विषयों पर एक विशेष पैनल चर्चा आयोजित की गई। मुंबई से पहुंचीं अभिनेत्री विभा रानी मुख्य वक्ता रहीं, जबकि फिल्म लेखक व निर्देशक सूरज तिवारी ने मॉडरेटर की भूमिका निभाई। पैनल में ब्रज क्षेत्र के कलाकार बाबू गप्पी, देवकांत त्यागी, रवि परिहार और ब्रज गायिका सरिता यादव ने ब्रज सिनेमा के गीतों, क्षेत्रीय पहचान और कमर्शियल सिनेमा के परिदृश्य पर अपने विचार साझा किए।
विश्वविद्यालय के आईटीएचएम विभाग के निदेशक प्रो. यू.एन. शुक्ला ने अतिथियों का स्वागत किया और फिल्मकारों को सम्मानित किया। दिन के सत्र में फेस्टिवल पैट्रन रंजीत सामा ने पैनल चर्चा के वक्ताओं को सम्मान प्रदान किया।
ममता कुलकर्णी को ‘सरस्वती बाई दादा साहेब फाळके सम्मान’
समारोह का प्रमुख आकर्षण अभिनेत्री ममता कुलकर्णी की मौजूदगी रही। ढोल-नगाड़ों के बीच उनकी मंच पर एंट्री हुई, जहां फिल्म लेखक-निर्देशक ने उनका स्वागत किया। इस दौरान उन्हें ‘सरस्वती बाई दादा साहेब फाळके सम्मान’ से अलंकृत किया गया। उन्हें यह सम्मान अभिनेत्री विभा रानी, फ्रांस की अभिनेत्री मरीन बोर्गो, अमेरिका की अभिनेत्री कशिश अग्निहोत्री और निर्माता शिल्पी तिवारी की उपस्थिति में ‘फाइव एलिमेंट्स’ के साथ प्रदान किया गया। कार्यक्रम के दौरान ममता कुलकर्णी ने बॉलीवुड शैली में नृत्य प्रस्तुति देकर दर्शकों का मनोरंजन भी किया।
पुरस्कृत फिल्में और कलाकार
समारोह में विभिन्न श्रेणियों में देसी-विदेशी फिल्मों और कलाकारों को पुरस्कार दिए गए:
बेस्ट मोटिवेशनल फिल्म: ‘महामहिम दीदी जी मुर्मू’ (माउंट आबू से पंपोज मिश्रा)
अंतरराष्ट्रीय श्रेणी: रूस की ‘देयर इज ओनली वन गॉड’ (एलेक्झांड्रा)
बेस्ट रेसिलिएंस अवॉर्ड: ‘बैंड बाजा बारात’ (अलीगढ़)
बेस्ट सोशल मैसेज फिल्म: ‘काली पन्नी’ (आगरा)
बेस्ट हॉरर फिल्म: यूनाइटेड किंगडम से सुरीन नरूला
बेस्ट सोशल अवेयरनेस शॉर्ट फिल्म: ‘अलार्म’ (गाजियाबाद से नीरज शर्मा)
बेस्ट शॉर्ट फिल्म: ‘भक्षण’ (आगरा से अंकित सारस्वत)
बेस्ट डेब्यू शॉर्ट फिल्म: ‘बैक टू लाइफ’ (डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय)
बेस्ट डॉक्यूमेंट्री फिल्म: ‘इंचेंटिंग मुकुंदरा’ (कोटा)
बेस्ट डिवोशनल म्यूजिक वीडियो: ‘तेरे केदार में’
बेस्ट पेट्रियोटिक वीडियो: ‘मन जन मन गाएगा’ (जर्मनी)
इसके अलावा मुंबई के अभिनेता ज्ञानप्रकाश और संगीतकार रंजन देबनाथ को दादा साहेब फाळके सम्मान से नवाजा गया।
अमेरिका की कशिश अग्निहोत्री और फ्रांस की मरीन बोर्गो को जूरी अवॉर्ड मिला, जबकि अभिनेत्री विभा रानी को बेस्ट वर्कशॉप स्पीकर के सम्मान से सम्मानित किया गया।
विशिष्ट अतिथियों में श्रीमती अंजली गोयल, संचित गोयल, डॉ. रेनू रावत तिवारी, अप्पन ग्रुप के के.एम. सिंघल, ब्रज रिकॉर्ड्स के शिव प्रताप सिंह और ब्रिगेडियर विनोद दत्ता शामिल रहे, जिन्हें फेस्टिवल डायरेक्टर सूरज तिवारी ने सम्मानित किया। अंत में सूरज तिवारी ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और आयोजकों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।
- “बिहार के टैलेंट को मिलेगा मौका”: पटना पहुंचीं अभिनेत्री तान्या मिश्रा का बड़ा ऐलान, अपने प्रोडक्शन हाउस से शुरू करेंगी शूटिंग - November 20, 2026
- 8वें ग्लोबल ताज इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल का भव्य समापन: देसी-विदेशी फिल्मों को मिले अवॉर्ड, ममता कुलकर्णी ने बिखेरा जलवा - November 20, 2026
- ‘जीवनदाता परिवार सम्मान 2026’ की अनूठी पहल: डॉ. अतुल मलिकराम बोले- “अंगदान करने वालों का सम्मान मानवता को देगा नई मजबूती” - November 20, 2026