आगरा। शिक्षा का अधिकार (आरटीई) कानून के तहत बच्चों को स्कूल से जोड़ने के लिए नगला बूढ़ी क्षेत्र में प्राथमिक विद्यालय परिसर में आरटीई एडमिशन प्रोत्साहन मेला आयोजित किया गया। बेसिक शिक्षा विभाग की इस पहल में बड़ी संख्या में अभिभावक और बच्चे पहुंचे। मेले का मकसद आरटीई के प्रावधानों, नामांकन प्रक्रिया और उससे मिलने वाले लाभों की जानकारी देना रहा।
3 से 7 वर्ष के बच्चों पर फोकस
मेले में 3 से 7 साल तक के पात्र बच्चों को नि:शुल्क और अनिवार्य शिक्षा से जोड़ने पर जोर दिया गया। अभिभावकों को बताया गया कि आरटीई के तहत सरकारी और निजी स्कूलों में दाखिले की सुविधा उपलब्ध है और इसके लिए ऑनलाइन पंजीकरण जरूरी है।
अधिकारियों ने दिलाया भरोसा
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा का अधिकार हर बच्चे तक पहुंचे, इसके लिए जागरूकता सबसे जरूरी है। इस दौरान आरटीई योजना के प्रचार के लिए एक जागरूकता वाहन भी रवाना किया गया।
बीएसए जितेंद्र कुमार गोंड ने बताया कि लक्ष्य ज्यादा से ज्यादा पंजीकरण कर निजी स्कूलों में आरटीई की 25 प्रतिशत आरक्षित सीटें भरना है। इसके लिए विभाग आईटी सेल और स्वयंसेवी संस्थाओं की मदद ले रहा है।
स्टॉल और सहायता बूथ बने सहारा
मेले में सामाजिक संस्थाओं ने स्टॉल लगाकर आवेदन प्रक्रिया समझाई। ‘एक पहल’ और ‘स्टेप फॉर फ्यूचर’ संस्था के प्रतिनिधियों ने अभिभावकों को फॉर्म भरने से लेकर दस्तावेजों तक की जानकारी दी। शिक्षा सहायता बूथ पर अभिभावकों के सवालों का समाधान किया गया और ऑन-द-स्पॉट मदद भी दी गई।
कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। विभाग का कहना है कि ऐसे मेले आगे भी लगाए जाएंगे ताकि कोई भी पात्र बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे।
- संयुक्त राष्ट्र की बजट प्रक्रिया और वित्तीय स्थिति पर उच्चस्तरीय चर्चा: राजदूत हरीश पार्वथनेनी के साथ बैठक में शामिल हुए सांसद नवीन जैन - October 21, 2026
- आगरा के ट्रांस यमुना क्षेत्र में सनसनीखेज वारदात: किचन में खाना बना रही बहन पर बड़े भाई ने चलाई गोली, आईसीयू में भर्ती - October 21, 2026
- राहुल गांधी के अचानक विदेश दौरे पर सियासी घमासान: सवाल पूछने पर बोले शशि थरूर — “मैं कोई ट्रैवल एजेंट नहीं हूँ” - October 21, 2026