आगरा। ताजनगरी के कमला नगर थाना क्षेत्र स्थित बल्केश्वर इलाके में सोमवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक जूता गोदाम की दूसरी मंजिल से आग की ऊंची लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसमान में धुएं का काला गुबार छा गया। घनी आबादी वाले क्षेत्र में आग लगने से स्थानीय निवासियों में दहशत फैल गई और लोग जान बचाने के लिए घरों से बाहर निकल आए।
जूते और केमिकल ने बढ़ाई आग की तपिश
बताया जा रहा है कि गोदाम में बड़ी मात्रा में बने हुए जूते और ज्वलनशील सोल-केमिकल मौजूद थे, जिसकी वजह से आग तेजी से फैलती चली गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के घरों को भी खतरा पैदा हो गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत कार्य शुरू किया।
लाखों के नुकसान की आशंका
आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है, लेकिन शॉर्ट सर्किट को प्राथमिक वजह माना जा रहा है। पुलिस ने एहतियातन पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि गोदाम संचालक का लाखों रुपये का माल जलकर खाक होने का अनुमान है। देर शाम तक दमकलकर्मी आग पर पूरी तरह काबू पाने और ‘कूलिंग’ प्रक्रिया में जुटे रहे।
- आगरा में प्रभारी मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी बोले- “सपा ने सनातन और साधु-संतों को बदनाम करने की सुपारी ले रखी है” - August 12, 2026
- मराठी स्टाइल में बुलेट चलाने वाली युवती ने मांगी माफी: “मुझे माफ कर दीजिए, मैं भी आपकी बहन-बेटी जैसी हूं”, डिलीट की सारी रील्स - August 12, 2026
- बुलंदशहर में खौफनाक वारदात: शादी से इनकार करने पर 38 वर्षीय प्रेमिका के सीने, गले और चेहरे पर चाकू से किए 17 वार, बेरहमी से हत्या - August 12, 2026