आगरा। थाना जगदीशपुरा क्षेत्र के मघटई तिराहा इलाके में गुरुवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। सड़क पर दौड़ती आई-10 कार में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे कार चला रहे युवक को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका। युवक की कार के अंदर ही जिंदा जलकर मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, चलती कार से अचानक धुआं और लपटें उठने लगीं। कुछ ही पलों में आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। आसपास मौजूद लोगों ने अपने स्तर से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी तेज थी कि कोई भी सफल नहीं हो सका।
सूचना मिलने पर थाना जगदीशपुरा पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी और चालक की मौत हो चुकी थी। आग बुझने के बाद जब कार की जांच की गई तो भीतर चालक का जला हुआ शव मिला।
फिलहाल मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। आसपास के थानों को सूचना भेजी गई है और कार के रजिस्ट्रेशन नंबर व अन्य साक्ष्यों के आधार पर मृतक की पहचान की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्राथमिक रूप से तकनीकी खराबी या अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
- लायंस क्लब आकाश ने गौसेवा के लिए अर्पित किया 250 मन भूसा; फाउंड्री नगर की राधा-कृष्ण गौशाला में मासिक सेवा कार्य - November 20, 2026
- सर्व धर्म ख्वाजा मंदिर में 15वां सरिता ए इंसानियत दो दिवसीय आयोजन 28- 29 नवबंर 2026 को - November 20, 2026
- बल्केश्वर महादेव मंदिर में धूमधाम से संपन्न हुआ तुलसी-शालिग्राम विवाह: देवोत्थान एकादशी पर उमड़े श्रद्धालु - November 20, 2026