खंदौली। खंदौली कस्बे में उस वक्त शादी समारोह का माहौल रणभूमि में बदल गया जब दुल्हन की मेकअप आर्टिस्ट के लेट होने पर दुल्हन के पिता का गुस्सा फूट पड़ा और बात इतनी बढ़ गई कि वर-वधु पक्ष आपस में भिड़ गए। लाठी-डंडे चले, झगड़ा इतना तूल पकड़ गया कि पुलिस को मौके पर पहुंचना पड़ा। घंटों चली थाने की पंचायत के बाद आखिरकार शादी संपन्न हुई और आज सुबह दुल्हन की विदाई भी कर दी गई।
जानकारी के अनुसार, रामनगर, खंदौली निवासी एक सराफा कारोबारी के बेटे की शादी सादाबाद क्षेत्र की एक युवती से तय हुई थी। दोनों पक्षों ने शादी का कार्यक्रम खंदौली स्थित लाला प्यारेलाल धर्मशाला में रखा था। बीते दिन वधु पक्ष अपने रिश्तेदारों के साथ विवाह स्थल पर पहुंच चुका था और सभी तैयारियों में व्यस्त थे।
मेकअप आर्टिस्ट के लेट होने से बढ़ा विवाद
शादी की रस्में शुरू होने से पहले दुल्हन के मेकअप के लिए वर पक्ष ने ही खंदौली के एक ब्यूटी पार्लर से मेकअप आर्टिस्ट बुक किया था, लेकिन वह समय पर नहीं पहुंची। काफी इंतजार के बाद दुल्हन के पिता ने गुस्से में वर पक्ष को खरी-खोटी सुनानी शुरू कर दी।
पहले तो बहस हुई, लेकिन धीरे-धीरे गर्मागर्मी बढ़ी और बात हाथापाई तक पहुंच गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग गुत्थमगुत्था हो गए। इस दौरान लाठी-डंडे भी चले, जिससे कई लोग घायल हो गए। बताया जा रहा है कि दूल्हे का भाई भी मारपीट में चोटिल हुआ।
पुलिस की एंट्री और थाने में सुलह
घटना की जानकारी मिलते ही खंदौली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर थाने ले गई। वहां करीब दो घंटे तक पंचायत चली। थाने में दोनों परिवारों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाए, लेकिन आखिरकार बातचीत के बाद समझौता हो गया और शादी संपन्न कराने का निर्णय लिया गया।
तनाव में हुई शादी और विदाई
समझौते के बाद दोनों परिवार धर्मशाला लौटे और शादी की रस्में पूरी कीं। हालांकि, झगड़े के बाद समारोह की रौनक फीकी पड़ गई। दोनों पक्षों के चेहरों पर खुशी की जगह तनाव साफ झलक रहा था। आज सुबह दुल्हन की ससुराल विदाई कर दी गई, लेकिन यह शादी खंदौली में लंबे समय तक चर्चा का विषय बनी रहेगी।
- मेरठ के चर्चित ‘नीला ड्रम’ हत्याकांड में मुस्कान और साहिल दोषी करार, 14 अक्टूबर को सुनाई जाएगी सजा - September 30, 2026
- आगरा नगर निगम में आउटसोर्सिंग सफाई मित्रों को मिले ईएसआई कार्ड: नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने बांटे कार्ड, संघ ने की समय पर दस्तावेज जमा करने की अपील - September 30, 2026
- आगरा में मुनि श्री समत्व सागर जी महाराज ससंघ ने किया ताजमहल का दीदार: वास्तुशिल्प की सराहना की, जैन समाज ने किया स्वागत - September 30, 2026