आगरा। भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं फतेहपुर सीकरी से सांसद राजकुमार चाहर ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर फतेहपुर सीकरी बाईपास मार्ग पर महाराणा सांगा (राणा सांगा) की भव्य प्रतिमा स्थापित किए जाने की मांग की है। सांसद चाहर ने बताया कि इस संबंध में उन्होंने मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव संजय प्रसाद से विस्तृत चर्चा भी की, जिसके बाद मुख्यमंत्री को औपचारिक रूप से पत्र भेजा गया।
पत्र में सांसद चाहर ने कहा कि खानुआ के मैदान में बाबर के विरुद्ध लड़ा गया महाराणा सांगा का युद्ध भारतीय इतिहास का एक गौरवशाली और निर्णायक अध्याय रहा है। यह युद्ध केवल रणनीतिक दृष्टि से ही महत्वपूर्ण नहीं, बल्कि स्वाभिमान, वीरता, बलिदान और राष्ट्र-रक्षा की भावना का भी प्रतीक है। उन्होंने कहा कि महाराणा सांगा उन महान योद्धाओं में अग्रणी थे, जिन्होंने विदेशी आक्रांताओं के खिलाफ संगठित प्रतिरोध खड़ा किया।
सांसद चाहर ने पत्र में यह भी उल्लेख किया कि फतेहपुर सीकरी विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल है, जहां हर वर्ष देश-विदेश से लाखों पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में यदि बाईपास मार्ग पर उपयुक्त स्थान पर महाराणा सांगा की भव्य प्रतिमा स्थापित की जाती है, तो इससे ऐतिहासिक विरासत को सम्मान मिलेगा और युवाओं में राष्ट्र गौरव व ऐतिहासिक चेतना का विकास होगा। साथ ही पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ उत्तर प्रदेश और राजस्थान की साझा सांस्कृतिक पहचान को भी मजबूती मिलेगी।
सांसद राजकुमार चाहर ने कहा कि यह प्रतिमा केवल एक स्मारक नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का केंद्र बनेगी, जो उन्हें देश के गौरवशाली इतिहास और वीर परंपरा से जोड़ने का कार्य करेगी।
- हैरतअंगेज: फिलीपींस की खदान से निकले ‘त्रिशूल’ और ‘वज्र’! 10,000 साल पुराने होने का दावा, नीलामी की बेस प्राइस 750 करोड़ रुपये - March 15, 2026
- आगरा STF का बड़ा एक्शन: SI भर्ती परीक्षा में ‘सेटिंग’ का झांसा देने वाले 3 साइबर ठग गिरफ्तार, राजस्थान से जुड़े थे तार - March 15, 2026
- किरावली को मिला जनसेवा का नया ‘तीर्थ’: सांसद राजकुमार चाहर ने 95.63 करोड़ की योजनाओं का किया शिलान्यास, अब जनता के द्वार होगा समाधान - March 14, 2026