आगरा। थाना सिकंदरा क्षेत्र में बदमाशों के हौसले इस कदर बुलंद हो गए हैं कि अब वे सुरक्षा व्यवस्था को खुली चुनौती देने लगे हैं। शनिवार रात बेखौफ लुटेरों ने एक सिक्योरिटी गार्ड से उसकी लाइसेंसी रिवॉल्वर और नकदी लूट ली। इस घटना ने औद्योगिक क्षेत्र की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित सिक्योरिटी गार्ड रोजर शू फैक्ट्री में तैनात है। शनिवार रात ड्यूटी समाप्त होने के बाद वह अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान कर्म उद्योग फैक्ट्री के पास बाइक पर सवार दो अज्ञात युवक उसके पास पहुंचे और झपट्टा मारकर उसका बैग छीनकर फरार हो गए। बैग में गार्ड की लाइसेंसी रिवॉल्वर और करीब 1500 रुपये नकद रखे हुए थे।
वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पीड़ित ने तत्काल थाना सिकंदरा पहुंचकर अज्ञात लुटेरों के खिलाफ तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है और बाइक सवार बदमाशों के फरार होने के संभावित मार्गों पर भी नजर रखी जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। वहीं, इस घटना के बाद औद्योगिक क्षेत्र में काम करने वाले कर्मचारियों और सुरक्षा कर्मियों में दहशत का माहौल है।
- लखनऊ में मोबाइल किश्त न चुकाने पर रिकवरी एजेंटों ने मजदूर को चार दिन तक बंधक बनाकर निकाला खून, गोमती में फेंकने की धमकी - September 15, 2026
- आगरा में NEET पास छात्र निकला ट्रेनों का शातिर चोर: गर्लफ्रेंड के कैंसर के इलाज और ऐशो-आराम के लिए खड़ा किया चोरी का नेटवर्क, 25 लाख के जेवर बरामद - September 15, 2026
- आगरा के प्राचीन श्री सिद्धिविनायक मंदिर में 66वें गणेश महोत्सव के तहत हुआ विशाल भंडारे का आयोजन, हजारों भक्तों ने पाई प्रसादी - September 15, 2026