आगरा। आगरा जनपद के पिनाहट थाना क्षेत्र अंतर्गत विप्रावली के चंबल बीहड़ में स्थित चौमुखा आश्रम में रविवार को 68 वर्षीय वृद्ध साधु की धारदार हथियार से हत्या कर दिए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान पातीराम कुशवाह के रूप में हुई है, जो आश्रम स्थित चौमुखा माता मंदिर में पुजारी थे। साधु का शव आश्रम परिसर में रक्तरंजित अवस्था में पड़ा मिलने से आसपास के क्षेत्रों में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही पिनाहट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेराबंदी कर सुरक्षित किया। पुलिस के अनुसार, पातीराम कुशवाह विप्रावली के पास रोहाई स्थित चौमुखा देवी मंदिर पर निवास करते थे। रविवार सुबह जब आश्रम परिसर में उनका शव पड़ा देखा गया तो स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आगरा से डॉग स्क्वॉड और फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए, जबकि डॉग स्क्वॉड ने आसपास के बीहड़ क्षेत्र में संदिग्धों की तलाश की। प्राथमिक जांच में पुलिस का मानना है कि साधु की हत्या धारदार हथियार से की गई है।
मृतक के पुत्र उमेश कुमार, निवासी पिनाहट आगरा रोड, ने बताया कि उनके पिता आश्रम में देवी मंदिर के पुजारी थे। सूचना मिलने पर जब वे मौके पर पहुंचे तो पिता का शव मृत अवस्था में पड़ा मिला, जिसके शरीर पर धारदार हथियार के गहरे घाव के निशान थे।
चंबल बीहड़ के सुनसान क्षेत्र में स्थित चौमुखा आश्रम को देखते हुए पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। आश्रम में आने-जाने वालों की जानकारी जुटाई जा रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
इस संबंध में डीसीपी पूर्वी अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि फील्ड यूनिट को बुलाकर साक्ष्य एकत्रित कराए गए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और हत्या के कारणों व आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
- हॉरर क्वीन अदा शर्मा की ‘अदा की आहट’ से मचेगा खौफ: हैलोवीन पर अभिनेत्री लेकर आ रही हैं डरावनी शॉर्ट फिल्मों की रोमांचक सीरीज़ - November 6, 2026
- रामायण के विशेष प्रीमियर में शामिल हुईं अभिनेत्री शीना चौहान: नितेश तिवारी द्वारा सीता के नए और सशक्त रूप की कल्पना की सराहना - November 6, 2026
- हरदोई में क्विज प्रतियोगिता के जरिए फाइलेरिया के प्रति जागरूकता: एपीएस डिग्री कॉलेज में ‘कौन बनेगा फाइलेरिया चैंपियन’ का आयोजन - November 6, 2026