अयोध्या दीपोत्सव पर सीएम योगी की देशवासियों से अपील: “जब राम जन्मभूमि पर जलें दीप, तब अपने घर-आंगन को भी करें रोशन”

REGIONAL

अयोध्या। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की प्राण-प्रिय नगरी अयोध्या आज 10वें भव्य ‘दीपोत्सव’ के लिए पूरी तरह दुल्हन की तरह सज-धजकर तैयार है। शनिवार शाम सरयू नदी के तट पर स्थित राम की पैड़ी के 56 घाटों पर 30 लाख से अधिक दीये प्रज्वलित किए जाएंगे, जबकि संपूर्ण अयोध्या धाम में 33 लाख से अधिक मिट्टी के दीप एक साथ जगमगा उठेंगे। इस अलौकिक आयोजन से पूर्व उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देश-दुनिया के सभी राम भक्तों से अपने-अपने घरों और आंगनों में दीपक प्रज्वलित कर इस महापर्व का हिस्सा बनने का आह्वान किया है।

​”दीपक केवल मिट्टी का पात्र नहीं, चेतना का जागरण है”

अयोध्या पहुंचने से ठीक पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने आधिकारिक एक्स (पूर्व में ट्विटर) हैंडल पर एक भावुक और प्रेरणादायी संदेश साझा किया। सीएम योगी ने लिखा, “दीपक केवल मिट्टी का एक पात्र नहीं, चेतना का जागरण है। वह युगों से हमें सीख दे रहा है कि अंधकार से लड़ना नहीं होता, केवल एक ज्योति जलानी होती है और अंधकार विदा हो जाता है। मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्री राम के आगमन के हर्षोल्लास में सप्तपुरियों में श्रेष्ठ श्री अयोध्या धाम में आयोजित होने वाला पावन दीपोत्सव इसका साक्षात दर्शन कराता है।”

​”सनातन चेतना के पुनर्जागरण का महापर्व”

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि आज हम सभी मां सरयू को साक्षी मानकर प्रभु श्री राम की पावन नगरी में 10वां दीपोत्सव मनाने जा रहे हैं। यह दीपोत्सव हमारी आस्था, आत्मगौरव और सनातन चेतना के पुनर्जागरण का प्रतीक है। सीएम योगी ने अपील करते हुए कहा, “जब श्री राम जन्मभूमि पर दीप जलें, तब आप अपने-अपने घर-आंगन में भी दीप जलाएं। आइए, सनातन सत्य के उद्घोष का उत्सव मनाएं। जय जय श्री राम!”

​2,100 स्वदेशी ड्रोन्स और अलौकिक सांस्कृतिक आयोजन

इस बार दीपोत्सव का आकर्षण केवल सरयू तट तक सीमित नहीं रहेगा। राम की पैड़ी के 56 घाटों पर प्रज्वलित होने वाले 30 लाख दीयों के अतिरिक्त अयोध्या के प्रमुख मंदिरों, चौराहों व अन्य सार्वजनिक स्थानों पर 3 लाख दीये अलग से जलाए जाएंगे।

​इसके साथ ही, संध्या काल में अयोध्या के आकाश में एक साथ 2,100 स्वदेशी ड्रोन्स का भव्य हवाई शो आयोजित किया जाएगा, जिसके जरिए भगवान राम के जीवन, चरित्र और रामायण के विभिन्न पावन प्रसंगों को आसमान में उकेरा जाएगा। महोत्सव के दौरान देश-विदेश से आए प्रख्यात कलाकारों द्वारा कई दिव्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का मंचन भी होगा।

Dr. Bhanu Pratap Singh