Agra News: रन फॉर विकसित भारत से गूंजा आगरा, सांसद खेल महोत्सव 2025 का जोशीला आगाज़

स्थानीय समाचार

आगरा। खेल प्रतिभाओं को मंच देने वाले चतुर्थ सांसद खेल महोत्सव 2025 का शुभारंभ रविवार को पूरे उत्साह और राष्ट्रभक्ति के माहौल में हुआ। रामलीला मैदान से शुरू हुई “रन फॉर विकसित भारत” मिनी मैराथन ने आयोजन को नई ऊर्जा दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से आयोजित इस महोत्सव का उद्घाटन सांसद एवं केंद्रीय राज्य मंत्री एसपी सिंह बघेल ने किया।

सदर स्थित एकलव्य स्टेडियम में झंडारोहण और राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत हुई। मैदान में उमड़ा जनसैलाब और खिलाड़ियों का जोश इस बात का संकेत था कि खेल अब केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि युवाओं के सपनों और आत्मविश्वास का माध्यम बन चुका है। उद्घाटन सत्र की शुरुआत पारंपरिक व रोमांचक मलखंब प्रदर्शन से हुई, जिसने दर्शकों का दिल जीत लिया।

यह खेल महोत्सव 21 से 25 दिसंबर तक चलेगा। इस दौरान क्रिकेट, फुटबॉल, वॉलीबॉल, कबड्डी, मलखंब सहित लगभग 12 खेलों की प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। विभिन्न आयु वर्गों में करीब 5,000 खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

उद्घाटन समारोह में जनप्रतिनिधियों, खेल संघों के पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में खेल प्रेमियों की उपस्थिति रही। अपने संबोधन में एसपी सिंह बघेल ने कहा कि यह महोत्सव युवाओं को प्रोत्साहन देने और उनकी प्रतिभा को निखारने का सशक्त मंच है। उन्होंने इसे “खेलो इंडिया” और विकसित भारत के विजन को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

उन्होंने विश्वास जताया कि आगरा में आयोजित यह आयोजन न केवल खिलाड़ियों के आत्मविश्वास को बढ़ाएगा, बल्कि जिले को खेल प्रतिभाओं के नए केंद्र के रूप में स्थापित करने में भी अहम भूमिका निभायेगा।

Dr. Bhanu Pratap Singh