आगरा। शहर में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब सरकारी वाहन भी सुरक्षित नहीं रहे। सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग के एक विभागीय वाहन को लगातार दो रातों में निशाना बनाकर चोरों ने उसे लगभग पूरी तरह खाली कर दिया। हैरानी की बात यह है कि यह वारदात ईदगाह पुलिस चौकी से महज बीस कदम की दूरी पर अंजाम दी गई, बावजूद इसके अब तक कोई ठोस पुलिस कार्रवाई सामने नहीं आई है।
जिला सूचना अधिकारी शीलेन्द्र कुमार शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यालय उप निदेशक, सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग, आगरा का विभागीय वाहन संख्या यू.पी.-32 बी.जी.-3844 14 दिसंबर 2025 की रात चोरी का शिकार हुआ। इस दौरान वाहन के दोनों ओर के पैरदान और पंखे चोरी कर लिए गए, साथ ही वाहन के ऊपर लगी रैगजीन भी फाड़ दी गई।
इसके अगले ही दिन, 15 दिसंबर 2025 की रात, चोरों ने एक बार फिर उसी वाहन को निशाना बनाया। इस बार वाहन का शीशा तोड़कर बैटरी, चार्जिंग सिस्टम, टॉवल, रीडिंग बुक सहित अन्य सामान चोरी कर लिया गया। लगातार दो दिनों में हुई इन घटनाओं से सरकारी वाहन को पूरी तरह खोखला कर दिया गया।
घटना की सूचना 15 दिसंबर को पुरानी ईदगाह कॉलोनी पुलिस चौकी प्रभारी को तथा 16 दिसंबर 2025 को थाना रकाबगंज में भी दी गई, लेकिन समाचार लिखे जाने तक किसी भी प्रकार की ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है। पुलिस की इस सुस्ती से चोरों के हौसले और बढ़ते नजर आ रहे हैं।
शहर के बीचोंबीच, पुलिस चौकी के इतने पास सरकारी वाहन से चोरी की यह वारदात कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। जिला प्रशासन से मामले में शीघ्र जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है।
- आगरा यूनिवर्सिटी में रक्षाबंधन पर प्रकृति रक्षा का संकल्प: पालीवाल पार्क में रोपे और बांटे गए 600 से अधिक पौधे, कुलपति ने की शुरुआत - August 28, 2026
- सावन पूर्णिमा पर संपन्न हुआ आगरा के श्री श्यामेश्वर महादेव मंदिर का सावन महोत्सव: 108 रुद्राभिषेक की पूर्णाहुति और श्वेत पुष्पों से सजे बाबा श्याम के दरबार में गूंजा ‘हर-हर महादेव’ - August 28, 2026
- रक्षाबंधन पर परिवार पर टूटा मुसीबतों का पहाड़: आगरा में तेज रफ्तार ईको ने स्कूटी को मारी टक्कर, पिता-पुत्र की दर्दनाक मौत - August 28, 2026