आगरा। शहर के व्यस्त और भीड़भाड़ वाले शाह मार्केट में बुधवार दोपहर खड़ी बाइकें टकराने से शुरू हुआ मामूली विवाद अचानक खूनी झड़प में बदल गया। तीन युवकों के एक समूह ने पहले दुकानदारों से मारपीट की और फिर उनमें से एक युवक ने कमर से तमंचा निकालकर फायरिंग कर दी। भीड़भाड़ वाले बाजार में हुई इस घटना से भगदड़ मच गई।
गनीमत रही कि गोली मोबाइल दुकान के कर्मचारी की कनपटी को छूते हुए निकल गई और सामने की दुकान के शीशे में जा धँसी। थोड़ी सी चूक बड़ा हादसा कर सकती थी। घटना के बाद बाजार में दुकानदारों ने तेजी से शटर गिराने शुरू कर दिए और लोगों में दहशत फैल गई।
दुकानदार आशीष गुप्ता के अनुसार, बाइक खड़ी करते समय दो बाइकें आपस में टकरा गई थीं। इस पर एक दुकान कर्मचारी ने आपत्ति जताई तो तीनों युवक विवाद पर उतर आए और दुकानदारों के साथ मारपीट करने लगे। इसी बीच एक युवक ने तमंचा निकालकर फायर कर दिया।
चश्मदीदों ने बताया कि एक युवक के पास दो पिस्टल, जबकि दूसरे के पास तमंचा था। तीनों युवक दो बाइकों एक प्लेटिना और एक स्प्लेंडर से आए थे।
घटना के दौरान बाजार की भीड़ ने साहस दिखाते हुए दो युवकों को पकड़ लिया, जबकि तीसरा आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और गिरफ्तार किए गए दोनों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो चुकी है, जिसके आधार पर पुलिस फरार आरोपी की तलाश कर रही है।
स्थानीय व्यापारी नेताओं ने बाजार में बढ़ते अपराधों पर कड़ी नाराजगी जताई और पुलिस की गश्त व्यवस्था पर सवाल उठाए। उनका कहना है कि दिनदहाड़े हथियार लहराकर फायरिंग से साफ होता है कि अपराधियों में पुलिस का भय खत्म होता जा रहा है।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जल्द ही तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी का दावा किया है।
- आगरा श्रीरामलीला महोत्सव: “रणभूमि में मेघनाद का अंत; लक्ष्मण के प्रहार से धड़ाम गिरा रावण का पुत्र, गूंज उठे ‘जय श्रीराम’ के जयघोष” - October 19, 2026
- आगरा के बाह में रिटायर शिक्षक से 15 लाख हड़पने के लिए रची गई खौफनाक साजिश; पुलिस अधिकारियों के नाम पर ऐंठे रुपये, आरोपी गिरफ्तार - October 19, 2026
- ओपी राजभर का अखिलेश यादव पर बड़ा हमला; बोले— पिता और चाचा की विरासत नहीं संभाल पा रहे सपा प्रमुख - October 19, 2026