आगरा। उत्तर प्रदेश सरकार ने फतेहपुर सीकरी लोकसभा क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 5 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि स्वीकृत की है। इस संबंध में प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने फतेहपुर सीकरी के सांसद राजकुमार चाहर को पत्र भेजकर इसकी जानकारी दी है।
पर्यटन मंत्री ने अपने पत्र में लिखा है कि सरकार क्षेत्र में पर्यटन विकास से जुड़े कार्यों के लिए प्रतिबद्ध है। यह धनराशि धार्मिक, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक स्थलों के सौंदर्यीकरण, आधारभूत संरचना विकास तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं के विस्तार पर व्यय की जाएगी।
पर्यटन विकास की यह स्वीकृति निम्न धार्मिक स्थलों के लिए प्रदान की गई है
आगरा ग्रामीण विधानसभा के ग्राम पंचायत मियापुर स्थित गांव इटौरा के कैला माता मंदिर, विकास खंड अकोला के ग्राम नगला बीच स्थित शीतलाकुण्ड धाम मंदिर, फतेहाबाद विधानसभा के मोंजा पैंतीखेड़ा ग्राम पिपरी स्थित सती माता मंदिर, खेरागढ़ विधानसभा के ग्राम पंचायत महुआ खेड़ा स्थित बाबा दीनदयाल धाम मंदिर पर पर्यटन विकास की दिशा में यह एक बड़ी पहल मानी जा रही है।
सांसद राजकुमार चाहर ने उत्तर प्रदेश सरकार के इस निर्णय का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह स्वीकृति क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने और धार्मिक पर्यटन को प्रोत्साहन देने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।
इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद न केवल श्रद्धालुओं को सुविधाएं मिलेंगी बल्कि स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। ज्ञात हो कि सांसद चाहर लगातार अपने संसदीय क्षेत्र में पर्यटन स्थलों के विकास के लिए प्रयासरत हैं। उनके द्वारा समय-समय पर संबंधित विभागों के समक्ष इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया गया है।
- अयोध्या दीपोत्सव पर सीएम योगी की देशवासियों से अपील: “जब राम जन्मभूमि पर जलें दीप, तब अपने घर-आंगन को भी करें रोशन” - November 7, 2026
- Agra में 200 ग्रामीणों को मिला निःशुल्क उपचार, 10 मरीजों की आँखों का ऑपरेशन भी होगा - November 7, 2026
- भारत रत्न बिस्मिल्लाह खान की विरासत को ध्वस्त करने का आरोप: वाराणसी का वीडियो शेयर कर बोले अखिलेश— “भाजपा नफरत की आग में देश का नुकसान कर रही” - November 7, 2026