आगरा: उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को यहां महारानी अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए लोकमाता के महान कार्यों को याद किया। उपराष्ट्रपति ने लोकमाता के पदचिन्हों से जोड़ते हुए केंद्र और राज्य सरकार की प्रशंसा की तो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर भी निशाना साधा।
शहर के जीआईसी मैदान पर आयोजित समारोह में उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा कि काशी विश्वनाथ मंदिर का कॉरिडोर बनाकर भव्य रूप देना आसान नहीं था, लेकिन मोदी-योगी सरकार ने कर दिखाया। ऑपरेशन सिंदूर को लेकर भी उन्होंने केंद्र सरकार और देश की सेना की खुलकर प्रशंसा की। उपराष्ट्रपति ने कहा कि उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने कानून का राज स्थापित किया है। जिस नारी सशक्तिकरण को महारानी अहिल्याबाई होलकर ने प्रोत्साहित किया, उसे यूपी सरकार बखूबी आगे बढ़ा रही है। उन्होंने महाकुंभ की व्यवस्थाओं के लिए भी उत्तर प्रदेश सरकार की तारीफ की।
अहिल्याबाई के पदचिन्हों पर चल रही सरकार
इससे पहले समारोह को संबोधित करते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होलकर ने पूरे देश के मंदिरों का जीर्णोद्धार कराकर समाज को एक सूत्र में पिरोने का काम किया। उसी प्रकार वर्तमान में केंद्र की मोदी सरकार देश के सभी वर्गों को आगे बढ़ाने का काम कर रही है। देश की सुरक्षा के गुण भी अहिल्याबाई होलकर ने सिखाए, आज भी भारत अपने दुश्मनों को करारा जवाब देना जानता है। ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से पाकिस्तान को सबक सिखाया गया है।
विपक्ष पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि कुछ लोग माफियाओं को पालते थे और अहिल्याबाई होलकर के नाम पर बने डिग्री कॉलेज का नाम बदल देते थे। आज डबल इंजन की सरकार औरैया के मेडिकल कॉलेज का नाम लोकमाता के नाम पर करती है। आगरा में भी लोकमाता के नाम समर्पित कुछ बड़ा काम होगा।
उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत के बहादुर जवानों ने पाक के एयर डिफेंस सिस्टम को नष्ट कर दिया, ये सब महारानी अहिल्याबाई होलकर की प्रेरणा की ही कड़ी है।
जाति प्रमाण-पत्र बनने में परेशानी दूर कराएं
समारोह में केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने मंच से उपराष्ट्रपति से मांग करते हुए कहा कि पाल, बघेल, धनगर समाज के जाति प्रमाण-पत्र बनने में जो परेशानी आ रही हैं, उसको दूर करने के लिए प्रयास किया जाए।
- बृजभूषण शरण सिंह और बाबा रामदेव के बीच तल्खी बरकरार, पूर्व सांसद बोले- ‘बाबा लोगों का रोग ठीक करते हैं पर खुद का हार्निया का ऑपरेशन एम्स में कराया’ - September 20, 2026
- यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: योगी सरकार ने 10 वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के किए तबादले, कई विभागों की कमान बदली - September 20, 2026
- आगरा में साइबर ठगी का बड़ा खेल: बैंक खातों में सेंध लगाकर 6.02 लाख रुपये उड़ाए, पीड़ितों ने साझा नहीं किया था ओटीपी - September 20, 2026