लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को झटके लगने का सिलसिला जारी है। अब उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद खंडूरी के बेटे मनीष खंडूरी ने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया है। अपने सोशल मीडिया अकाउंट X पर खंडूरी ने लिखा है- ‘मैं भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से तत्काल प्रभाव से त्यागपत्र दे रहा हूं। मेरा यह फैसला बिना किसी व्यक्तिगत हित अथवा अपेक्षा के लिया गया है।’ मनीष खंडूरी के इस्तीफे के बाद उत्तराखंड की राजनीति में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
तीन दिन पहले मनीष खंडूरी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा था- ‘मैं राजनीति में मंत्री बनने के लिए नहीं हूं। अगर कोई ये सोच रहा है कि मुझे टिकट या फिर पद का लालच है तो यह उनकी भूल है। मैं राजनीति में एक प्रभाव छोड़ने के लिए तैयार हूं। विशेषकर याहां के युवा और मातृशक्ति के मुद्दों को लेकर। मैं अपने सफल प्रोफेशनल लाइफ को छोड़कर एक सोच एक विचार लेकर आया हूं। मेरी सोच टिकट, पद, एमपी या एमएलए बनने से हटकर है। अगर आप पद हासिल करने के बाद भी समाज के लिए कुछ नहीं कर पा रहे हैं तो इन चीजों का मेरे लिए कोई औचित्य नहीं है।’
राजनीति में आने से पहले फेसबुक में करते थे काम
आपको बता दें कि मनीष खंडूरी 2019 लोकसभा चुनाव में गढ़वाल सीट से कांग्रेस उम्मीदवार थे, पर उन्हें हार का सामना करना पड़ा। उन्होंने मार्च 2019 में कांग्रेस ज्वाइन की थी। राजनीति में आने से पहले मनीष खंडूरी फेसबुक कंपनी में इंडिया हेड के रूप में कार्यरत थे। राहुल गांधी की उपस्थिति में उन्हें कांग्रेस में शामिल किया गया था। गढ़वाल लोकसभा सीट से उनके पिता बीजेपी नेता भुवन चंद खंडूरी पांच बार सांसद चुने जा चुके हैं।
-एजेंसी
- CM योगी की अखिलेश यादव को खुली चुनौती, बोले- दम है तो अयोध्या से लड़ें चुनाव, दो-दो हाथ को तैयार हूं - October 10, 2026
- दिल्ली में भारी राजनीतिक ड्रामा: मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग पर प्रदर्शन करने पहुंचे अरविंद केजरीवाल समेत AAP नेता हिरासत में - October 10, 2026
- आगरा रामलीला महोत्सव: अयोध्या में गूंजे मंगल गीत; ब्रह्म मुहूर्त में राजा दशरथ के निवास पहुंचे सिया-राम, मां कौशल्या ने उतारी आरती - October 10, 2026