लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि लोकसभा चुनावों में उत्तर प्रदेश की सबसे बड़ी भूमिका होगी। प्रदेश की जनता भाजपा का सफाया करेगी। उत्तर प्रदेश में भाजपा हारेगी तो देश से हटेगी। समाजवादियों ने नारा दिया है 80 हराओ, भाजपा हटाओ। समाजवादी पार्टी इसी नारे को लक्ष्य मान कर काम कर रही है। शुक्रवार को आजमगढ़ के एक दिवसीय दौरे के दौरान मीडिया से बात करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी का पीडीए भाजपा के एनडीए को हरायेगा।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने किसानों से आय दोगुनी करने और नौजवानों को नौकरी देने का झूठा वादा किया था। केन्द्र की दस वर्ष की भाजपा सरकार ने कोई वादा पूरा नहीं किया। भाजपा सरकार को बताना चाहिए कि उसने कितने नौजवानों को नौकरी दी। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने अखबारों में विज्ञापन दिया कि ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट में 40 लाख करोड़ का एमओयू हुआ। विधानसभा में भी एमओयू होने की घोषणा की, लेकिन दो साल में अभी तक किसी जिले में कोई कारखाना लगता नहीं दिखाई दिया है। किसी भी नौजवान को रोजगार नहीं मिला।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार की नोटबंदी की नीति पूरी तरह से फेल रही है। नोटबंदी भाजपा सरकार की विफलता है। भ्रष्टाचार लगातार बढ़ता जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों के धान की खरीद नहीं हुई। गन्ना किसानों का बकाया भुगतान नहीं हुआ। आलू किसान संकट में है। किसानों को फसलों का लागत मूल्य भी नहीं मिल पा रहा है। भाजपा सरकार हर मोर्चे पर फेल है।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार सामाजिक न्याय की विरोधी है। जातीय जनगणना की विरोधी है। बिना जातीय जनगणना सामाजिक न्याय नहीं मिल सकता। भाजपा सरकार का जीरो टॉलरेंस जीरो हो चुका है। उत्तर प्र्रदेश की कानून व्यवस्था ध्वस्त है। सबसे ज्यादा अन्याय बेटियों, माताओं, बहनों के साथ उत्तर प्रदेश में हो रहा है। एनसीआरबी के आंकड़ों के अनुसार जबसे केन्द्र में भाजपा सरकार आयी है देश में एक लाख किसान आत्महत्या कर चुके हैं। भाजपा के पास इसका कोई जवाब नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार लोकतंत्र विरोधी है। भाजपा फिर आ गयी तो लोगों के वोट डालने का अधिकार भी छीन लेगी। महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार से जनता त्रस्त है। किसी को न्याय नहीं मिल रहा है। इंडिया गठबंधन लोकसभा चुनाव में भाजपा को हरायेगा।
-एजेंसी
- आगरा में साइबर ठगी का अनोखा मामला: महज 12 रुपये का बकाया बिल चुकाने का झांसा देकर ठगों ने खाते से उड़ाए 28.19 लाख रुपये - September 23, 2026
- आगरा नगर निगम में सियासी संग्राम: शौचालय निर्माण का प्रस्ताव अटकाने से नाराज भाजपा पार्षद सुनील करमचंदानी ने नगर आयुक्त के चैंबर में दिया धरना - September 23, 2026
- आगरा में स्ट्रैची ब्रिज के पास दर्दनाक हादसा: गहरे गड्ढे में पैर फंसने से यमुना में डूबा शख्स, एक घंटे की मशक्कत के बाद निकाला गया शव - September 23, 2026