आगरा। परिवर्तिनी एकादशी के पावन अवसर पर जीवनी मंडी स्थित श्री खाटू श्याम जी मंदिर में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। श्याम बाबा का नील एवं पीले पुष्पों से मनोहारी श्रृंगार किया गया। बाबा ने स्वर्ण मुकुट, कुंडल एवं स्वर्ण आभूषण धारण कर भक्तों को मनोहारी दर्शन दिए। मेवा की माला तथा रंग-बिरंगे पुष्पों से सजे बाबा के दिव्य स्वरूप के दर्शन के लिए मंदिर में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। मंदिर परिसर दिनभर ‘हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा’ के जयघोष से गूंजता रहा।
श्री खाटू श्याम जी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष दिनेश चंद्र अग्रवाल ने परिवर्तिनी एकादशी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि सनातन धर्म में एकादशी व्रत को विशेष पुण्यदायी माना गया है। परिवर्तिनी एकादशी भगवान विष्णु की आराधना और भक्ति का विशेष पर्व है। इस दिन श्रद्धा एवं विश्वास के साथ भगवान का स्मरण, पूजन और व्रत करने से मनुष्य को आध्यात्मिक शांति प्राप्त होती है। उन्होंने कहा कि बाबा श्याम की भक्ति में समर्पित होकर मंदिर आने वाले प्रत्येक भक्त की मनोकामना पूर्ण हो और परिवार में सुख-शांति बनी रहे, यही प्रार्थना है।
परिवर्तिनी एकादशी पर मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना के साथ बाबा श्याम का आकर्षक दरबार सजाया गया। नील एवं पीले पुष्पों की मालाओं से सजे बाबा के विग्रह की छटा देखते ही बन रही थी। स्वर्ण मुकुट-कुंडल, आभूषण और मेवा की माला ने बाबा के श्रृंगार में चार चांद लगा दिए। भक्तों ने बाबा के समक्ष शीश नवाकर सुख-समृद्धि और परिवार की मंगलकामना की।
श्रृंगार सेवा नरेंद्र गर्ग द्वारा की गई। पोशाक सेवा अनिल कुमार गर्ग द्वारा की गई। राजभोग सेवा नरेंद्र गर्ग द्वारा की गई और इत्र सेवा श्री खाटू श्याम मंदिर ट्रस्ट द्वारा की गई।
मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं ने बाबा श्याम के दरबार में भजन-कीर्तन कर अपनी आस्था अर्पित की। इस अवसर पर हेमेंद्र अग्रवाल, संजय अग्रवाल, विपिन बंसल, विकास गोयल, अमित गोयल आदि उपस्थित रहे।
- राज्यसभा चुनावों का ऐलान: यूपी की 10 सीटों समेत 12 सीटों पर आगामी 16 अक्टूबर को होंगे मतदान, उसी दिन आएंगे नतीजे - September 22, 2026
- परिवर्तिनी एकादशी पर सजा श्याम बाबा का भव्य दरबार: नील और पीले पुष्पों से सजे बाबा, दर्शन को उमड़ा आस्था का सैलाब - September 22, 2026
- यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: देर रात 34 IAS अधिकारियों के तबादले, 14 जिलों के बदले गए जिलाधिकारी - September 22, 2026