शासन ने मंदिर के पर्यटन विकास हेतु धनराशि को किया स्वीकृत
आगरा । अरावली पर्वत की श्रृंखलाओं से घिरे फतेहपुर सीकरी ब्लॉक के गांव सहनपुर में सुप्रसिद्ध हवेली वाले हनुमान जी का बेहद ही प्राचीन मंदिर स्थापित है।
जिला मुख्यालय से लगभग 50 किलोमीटर की दूरी पर स्थित गांव सहनपुर वर्तमान में पूर्ण विकसित गांव नहीं हो पाया है। इस गांव के हवेली वाले हनुमान मंदिर के कायाकल्प का बीड़ा उठाते हुए क्षेत्रीय विधायक चौधरी बाबूलाल ने अथक प्रयास किये थे। शासन को लगातार पत्राचार किया, पर्यटन मंत्री से इसको पर्यटक स्थल घोषित करते हुए सर्वांगीण विकास कराने की मांग की। विधायक के प्रयास रंग लाये।
उत्तर प्रदेश शासन के अनुसचिव संजीव श्रीवास्तव ने महानिदेशक पर्यटन को लिखित में अवगत कराते हुए मंदिर के पर्यटन विकास हेतु प्रशासकीय व वित्तीय स्वीकृति के तहत 99.21 लाख की धनराशि स्वीकृत होने का आदेश जारी किया है। इसी कड़ी में राज्यपाल द्वारा प्रथम किश्त के रूप में 50 लाख की धनराशि को मंजूरी प्रदान कर दी है। चयनित कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश कॉर्पोरेशन लिमिटेड को इसका जिम्मा सौंपा गया है। जिलाधिकारी आगरा की सहमति से शीघ्र ही ई टेंडरिंग निविदा जारी की जाएगी।
सहनपुर का हवेली वाले हनुमान मंदिर की क्षेत्र में बहुत मान्यता है। प्रत्येक मंगलवार और शनिवार को यहां दर्शनार्थियों का तांता लगता है। मान्यता है कि मनौती मांगकर लगातार 11 मंगलवार या शनिवार को नियमित आने से भक्तों की मनौती पूरी होती है। मंदिर में स्थापित हनुमान जी की प्रतिमा धरती के नीचे से स्वतः निकली हुई प्रतिमा बतायी जाती है।
पर्यटन विभाग द्वारा यहां पर सत्संग हॉल, बाउंड्रीवाल, आदमकद दरवाजा, बैठक, बहुउद्देश्यीय शौचालय, इंटरलॉकिंग, सघन वृक्षारोपण और समुचित प्रकाश व्यवस्था हेतु सौर ऊर्जा चालित लाइटें लगवायी जाएंगी। समस्त कार्य संपन्न होने के बाद मंदिर का कलेवर ही बदल जायेगा। देश विदेश के पर्यटन मानचित्र पर हवेली वाले हनुमान मंदिर का नाम भी अंकित होगा।
- मैया मायावती जी को…बसपा सुप्रीमो को मां दुर्गा के 10 हाथों वाले स्वरूप में दिखाने वाला पोस्टर चर्चा में - October 27, 2026
- शायरी और सुरों का अलौकिक संगम: जावेद अख्तर और मोहम्मद वकील लेकर आए नई रूहानी ग़ज़ल ‘बाज़ाहिर क्या है’ - October 27, 2026
- नितेश तिवारी की ‘रामायण’ के लिए यश का बड़ा मास्टरस्ट्रोक: कर्नाटक में फिल्म के डिस्ट्रीब्यूशन की कमान संभालेंगी ‘मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस’ - October 27, 2026