5 अगस्त, 2019 को लोकसभा में बटेश्वर प्रकरण को ‘तत्काल लोक महत्व का मामला’ जोरदार तरीके से उठाया था
संग्रहालय में चित्र प्रदर्शनी की सुविधा, बटेश्वर मंदिर में कॉरिडोर, जैन तीर्थस्थल शौरीपुर का भी पर्यटन विकास होगा
Agra, Uttar Pradesh, India. भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जन्मस्थली बटेश्वर (बाह, आगरा) के सर्वांगीण विकास की घड़ी आ गई है। उत्तर प्रदेश सरकार ने अटल स्मारक के लिए 8.32 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। इसके तहत संग्रहालय और वीथिका (गैलरी) का निर्माण जैसे काम किए जाएंगे। इसके साथ ही बटेश्वर मंदिर और यमुना घाटों के सुंदरीकरण के लिए 50 करोड़ रुपये की परियोजना तैयार की गई है। यह सब हो रहा है फतेहपुर सीकरी से सांसद राजकुमार चाहर की मांग पर। बटेश्वर उन्हीं के संसदीय क्षेत्र में आता है। उन्होंने 5 अगस्त, 2019 को लोकसभा में बटेश्वर प्रकरण को ‘तत्काल लोक महत्व का मामला’ जोरदार तरीके से उठाया था।
सांसद ने लोकसभा में क्या कहा था
सांसद राजकुमार चाहर ने लोकसभा में कहा था- “मेरे संसदीय क्षेत्र में बटेश्वर पवित्र स्थल है। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जन्मस्थली है। मेरा आग्रह है कि जन्मस्थली पर विशाल स्मारक और विशाल प्रतिमा बनाई जाए ताकि देश दुनिया के लोग उनके दर्शन करने आ सकें।” सांसद राजकुमार चाहर ने लोकसभा में उठाई गई मांग को पूरा करने के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह का आभार प्रकट किया है।

बटेश्वर में क्या होने जा रहा
सांसद राजकुमार चाहर की मांग पर उत्तर प्रदेश सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। स्वीकृत किए गए 8.32 करोड़ रुपये से वाजपेयी जी की जन्मस्थली को सुंदर पर्यटक स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। अटल स्मारक बनेगा। अटल बिहारी वाजपेयी की विशाल प्रतिमा स्थापित की जाएगी, जो मुख्य आकर्षण होगी। वाजपेयी जी की स्मृति में संग्रहालय बनाया जाएगा। लोग उनके भाषण सुन सकेंगे। चित्र प्रदर्शनी के माध्यम से अटल जी की जीवन यात्रा से रूबरू हो सकेंगे। यह सब सुविधाएं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी सांस्कृतिक काम्पलेक्स में होंगी।
बटेश्वर मंदिर का कॉरिडोर बनेगा
बटेश्वर में बटेश्वरनाथ का मंदिर प्रसिद्ध है। यमुना किनारे 101 मंदिरों की श्रृंखला है। यमुना पर घाटों का निर्माण और मंदिरों के सुंदरीकरण के लिए 50 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। राज्य सरकार ने 25 करोड़ रुपये जारी कर दिए हैं। योजना मंदिर परिसर का सुंदर परिपथ (कॉरिडोर) तैयार करने की है ताकि भीड़ होने पर भी श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो।
शौरीपुर का पर्यटन विकास
श्री चाहर ने बताया कि बटेश्वर के शौरीपुर में जैन धर्म के 22वें तीर्थंकर भगवान नेमिनाथ ( भगवान श्रीकृष्ण के चचेरे भाई) का मंदिर है। पूरे देश से जैन धर्मावलम्बी यहां आते हैं। राज्य सरकार शौरीपुर का पर्यटन विकास करेगी। इसके लिए राज्य सरकार ने 75 लाख रुपये स्वीकृत किए हैं। इस धनराशि से कई काम होने हैं।
- Tanya Mittal पहुंचीं Shatam Jeeva, Jhansi के 100 एकड़ के आयुर्वेद चिकित्सा केंद्र में, क्या है खास? - September 12, 2026
- दिल्ली यूनिवर्सिटी के हंसराज कॉलेज में डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन सम्मान 2026: केंद्रीय हिंदी संस्थान के वरिष्ठ आचार्य प्रो. उमापति दीक्षित सम्मानित - September 11, 2026
- दिल्ली यूनिवर्सिटी के हंसराज कॉलेज में डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन सम्मान 2026: केंद्रीय हिंदी संस्थान के वरिष्ठ आचार्य प्रो. उमापति दीक्षित सम्मानित - September 11, 2026