लीडर्स आगरा अवार्ड समारोह में 20 हस्तियां का सम्मान, राममय हुआ एमडी जैन प्रांगण

REGIONAL

खेल, सेवा, चिकित्सा, व्यापार, सांस्कृतिक, शिक्षा, साहित्य, पर्यावरण, राजनीति आदि क्षेत्र में दिए गए अवार्ड

रोशन लाल करुणेश मैमोरियल अवार्ड “प्राइड आफ आगरा” मरणाेपरांत कैप्टन शुभम गुप्ता को समर्पित
देशभक्ति से सराबोर हुआ आयोजन स्थल

Live Story Time

Agra, Uttar Pradesh, Bharat, India. अपनों की स्मृति में सेवा का सम्मान, प्रतिभा का मान और शहर का अभिमान। हर वर्ष विभिन्न क्षेत्र की प्रतिभाओं को सम्मानित करते आ रहे तपन ग्रुप और लीडर्स आगरा सम्मान समारोह में ये मिलन देखने को मिला।
तपन ग्रुप और लीडर्स आगरा सम्मान समारोह 2023 के 12 वें वर्ष में विभिन्न क्षेत्र की 20 हस्तियों को सम्मानित किया गया। रविवार को हरीपर्वत स्थित एमडी जैन इंटर कॉलेज के आचार्य शांति सागर सभागार में आयोजित सम्मान समारोह में एक ही मंच पर विविध क्षेत्र की प्रतिभाएं थीं और उन्हें सम्मानित कर रहे थे शहर के प्रमुखजन अपनों की स्मृति में। समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल, विशिष्ट अतिथि पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुरेंद्र खन्ना,  कारागार एवं होमगार्ड राज्य मंत्री धर्मवीर प्रजापति, विधायक श्री पुरुषोत्तम खंडेलवाल, राज्य महिला आयोग के सदस्य निर्मला दीक्षित, लोकसभा की सुरक्षा प्रभारी अजय जैन थे। समारोह की अध्यक्षता की सुरेश चंद गर्ग (तपन ग्रुप) ने। डॉ ज्ञान प्रकाश गुप्ता, नज़ीर अहमद, डॉ बीके अग्रवाल, अवधेश अग्रवाल, डॉ पार्थ सारथी शर्मा, अमरेंद्र जैन, पूरन डावर ने दीप प्रज्जवलन कर किया।
मुख्य अतिथि प्रोफेसर बघेल ने कहा कि यह पुरस्कार पद्म सम्मान से कम नहीं है, इसलिए इन्हें उतनी ही मान्यता दी आनी चाहिए।
संस्था के अध्यक्ष डॉ पार्थ सारथी शर्मा ने बताया कि खेल, शिक्षा, चिकित्सा, राजनीति, समाज सेवा, प्रकृति सेवा, देश सेवा, पशु सेवा, कला, साहित्य, संस्कृति, व्यवसाय, फैशन जगत आदि के क्षेत्र से कुल 20 नगीनों को तलाश कर सम्मानित किया गया है। महामंत्री सुनील जैन ने बताया कि सभी सम्मानितजनों का चयन संस्था द्वारा एक पैनल बनाकर किया गया। जिसमें ज्यूरी चैयरमेन डॉ बीके अग्रवाल, डॉ पार्थ सारथी शर्मा, स्वीटी चौहान शामिल थे।
सम्मान समारोह के दौरान भावुक हो गया जब देश सेवा के लिए अपने प्राणाें की आहुति देने वाले बलिदानी कैप्टन शुभम गुप्ता को नमन कर श्रद्धांजलि अर्पित की गयी। उनके पिता बसंत गुप्ता को स्वतंत्रता सेनानी करुणेश स्मृति में यह अवार्ड प्रदान किया गया।

पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

10 Magical Thoughts & 10 Most Popular Global Leaders : That Can Change Your Life

राममय हुआ शांति सभागार

लीडर्स आगरा के सम्मान समारोह में उस वक्त एमडी जैन का शांति सभागार जय जय श्री राम के जयकारों से गूंजायमान हो उठा जब अंतरराष्ट्रीय कवित्री डॉ रुचि चतुर्वेदी ने मंच से तन से भले न जा पाए हम, घर से करें प्रणाम। मन से मिलकर पहुंचे हम सब अवधपुरी के धाम।। पंक्तियों के माध्यम से अपना काव्य पाठ प्रस्तुत किया। सभागार में बैठे अतिथियों के साथ दर्शक दीर्घा में जय जय श्री राम के जयकारे लगने लगे।

जूनियर अमिताभ बच्चन ने बांधा समां
सम्मान समारोह के दौरान कार्यक्रम में पहुंचे बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन के डुप्लीकेट जूनियर अमिताभ राजकुमार भक्तानी ने अमिताभ के डायलॉग के साथ कार्यक्रम में बॉलीवुड का रंग बिखेर दिया। “कजरारे कजरारे तेरे कारे कारे नैना” गाने पर जूनियर अमिताभ ने गोल्डन डांस ग्रुप के साथ अपने जलवे बिखेरे। कलाकारों की इस अद्भुत प्रस्तुति को देखकर सभागार में तालियों की गड़गड़ाहट होने लगी।

इस अवसर पर लीडर्स आगरा के महामंत्री सुनील जैन, शहर के प्रमुख समाजसेवी पूरन डाबर, डॉ ज्ञान प्रकाश गुप्ता, डॉ बी के अग्रवाल, डीजीसी क्राइम वसंत गुप्ता, शरद चौहान, रेनू यादव सहित शहर भर के गणमान्य, नगर निगम के पार्षद समाजसेवी, चिकित्सक उद्योगपति और सम्मानित होने वाले विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन संस्था के महामंत्री सुनील जैन और रीनेश मित्तल ने संयुक्त रूप से किया।

कार्यक्रम की व्यवस्था संभालने वालों में उमेश जैन नोटी, नरेंद्र शर्मा कॉमेंटेटर, परमेंद्र यादव, डॉक्टर अशोक कुशवाहा, स्वीटी चौहान ,अंजली गुप्ता, सृष्टि दुबे, ऋतुराज, संजय दीक्षित, राहुल वर्मा, दीपक, आयुषी गुप्ता, निर्मला शर्मा, राहुल जैन, एसके बग्गा, नरेंद्र शर्मा, रविंद्र यादव आदि थे।

10 Magical Thoughts & 10 Most Popular Global Leaders : That Can Change Your Life पढ़ने के लिए क्यूआर को़ स्कैन करें

10 magical thought QR code
10 magical thought QR code

सेवा के इन लीडर्स काे लीडर्स आगरा का प्रणाम
जम्मू कश्मीर में अपनी वीरता प्रदर्शित करते हुए दुश्मनों को परास्त कर वीरगति को प्राप्त करने वाले शहीद कैप्टन शुभम गुप्ता को स्वाधीनता सेनानी रोशनलाल गुप्त करुणेश की स्मृति में प्राइड आफ आगरा अवार्ड उनके पिता जिला शासकीय अधिवक्ता (डीजीसी) बसंत गुप्ता को प्रदान किया गया। शुभम की शिक्षा सेंट जार्जेज स्कूल में हुई। बारहवीं के बाद वे सेना भर्ती की पऱीक्षा में शामिल हुए। सन् 2015 में वे भारतीय सेना में शामिल हो गए। सन् 2018 में उन्होंने कमांडों की ट्रेनिंग ली। उसके बाद उन्हें सेना की शीर्ष पैराशूट रेजिमेंट, 9 पैरा एसएफ (विशेष बल) में शामिल कर लिया गया। वे भारतीय सेना के कैप्टन बन गए। 22 नवंबर 2023 को जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में आतंकवादियों के साथ हुई मुठभेड़ में शुभम शहीद हो गए।
आगरा की महापौर हेमलता दिवाकर ने मेयर के पद पर प्रचंड बहुमत से विजय कर एक अनूठा कीर्तिमान स्थापित किया है। उन्होंने अपने प्रतिद्वंदी को एक लाख से अधिक वोटों से पराजित किया। बहुत ही कम समय में आपने जनता का विश्वास कायम किया है। वे शहर में बहुत कुछ बदलाव चाहती हैं और उसमें जुटी हुई हैं। वर्ष 2012 में आगरा के ग्रामीण विधानसभा सीट विधायक के रूप में उन्होंने भरपूर जन सेवा की। समारोह में स्वाधीनता सेनानी महादेव नारायन टंडन मैमोरियल अवार्ड प्रदान किया गया।
पार्षद हेमंत प्रजापति सन् 2006 में पहली बार नगर निगम के पार्षद चुने गए। उसके बाद से वे या उनकी पत्नी प्रियंका प्रजापति नगर निगम में क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। 2023 में चौथी बार वे पुनः पार्षद चुने गए और वर्तमान में भाजपा पार्षद दल में सचेतक पद का दायित्व उनके पास है। अधिवक्ता के रूप में भी वे पीड़ितजनों को न्याय दिलाने में संलग्न रहते हैं। समारोह में केवल चंद जैन मैमोरियल अवार्ड प्रदान किया गया।
दिव्यांग होने के बावजूद हैरी पाराशर ने अपने जज्बे में कमी नहीं आने दी। अंतरराष्ट्रीय ब्रिक्स खेल में दक्षिण अफ्रीका में दो कांस्य पदक प्राप्त किए। बीएससी प्रथम वर्ष के छात्र हैरी राष्ट्रीय क्वार्टर फाइनल खेल चुके हैं। चैम्पियनशिप स्वर्ण पदक भी मिला। अभय चौहान मैमोरियल अवार्ड प्रदान किया गया।
चिकित्सा के क्षेत्र में उदारता की प्रतिमूर्ति डा.निखिल चतुर्वेदी। आज महंगाई के कारण तमाम मरीज चिकित्सा नहीं करा पाते। इलाज के अभाव में तड़पते रहते हैं। ऐसे में डा.निखिल, समस्त चिकित्साजगत के लिए एक उदाहरण हैं। उन्होंने अपने क्लीनिक पर सार्वजनिक रूप से पोस्टर लगा रखा है-फीस आपकी इच्छानुसार। डॉ निखिल चतुर्वेदी को सक्षम डावर मेमोरियल अवार्ड प्रदान किया गया।
समाजसेवा के क्षेत्र में एक यशस्वी नाम है दिवंगत अशोक जैन सीए का। उनसे प्रेरणा लेकर सामाजिक कार्यों में सक्रिय हुए सुशील जैन आगरा विकास मंच सहित अनेक संस्थाओं में संलग्न हैं। श्वेतांबर स्थानकवासी जैन समिति के 30 वर्षों से महामंत्री हैं। अंतरराष्ट्रीय संस्था वीरायतन के ट्रस्ट में40 साल से हैं। हृदय के मरीजों के आपरेशन कराना, पीड़ित जनों को राहत पहुंचाना उनके दैनिक जीवन में शामिल है। यतींद्र जैन (कप्तान) मैमोरियल अवार्ड प्रदान किया गया।
विश्व की पहली महिला तबला प्रोफेसर और तबला वादन के क्षेत्र में उप्र संगीत नाटक अकादमी द्वारा सम्मानित देश की दूसरी महिला तबला वादक डा. नीलू शर्मा दयालबाग विवि के संगीत विभाग में प्रोफेसर हैं। अनेक सांस्कृतिक संस्थाओं से जुड़ी ही नहीं, बल्कि उनकी धुरी हैं। देश की अनेक नामचीन संस्थाओं द्वारा अवार्ड प्राप्त डॉ नीलू ले राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर व्याख्यान दिए हैं। देश के विख्यात गायकों के साथ संगत की है। डॉ नीलू के सानिध्य में 40 से अधिक विद्यार्थी शोध कर चुके हैं और यह सिलसिला जारी है। रिया अस्थाना मैमोरियल अवार्ड दिया गया।
भास्कर शर्मा ने मार्बल एवं पत्थर के व्यवसाय को बहुत ऊंचाइयां प्रदान की हैं और वे उसके निर्यातक के रूप में स्थापित हो चुके हैं। इसके ले उन्हें अनेक सम्मान भी मिल चुके हैं। लाला दाऊदयाल मैमोरियल अवार्ड दिया गया।
− डा.शरद गुप्ता ने कोरोना जैसे आपत्तिकाल में समाज को बड़ी सेवा की है। चिकित्सा के साथ-साथ समाजसेवा में भी अग्रणी रहते हैं। पर्यावरण के क्षेत्र में भी संलग्न रहते हैं। डा.प्रभा मल्होत्रा मैमोरियल अवार्ड प्रदान किया गया।
दैनिक सैनिक से अपनी हिंदी पत्रकारिता का शुभारंभ करने वाले विवेक जैन दैनिक हिंदुस्तान के सिटी इंचार्ज रहे। अब पंजाब केसरी सहित अनेक पत्र-पत्रिकाओं से जुड़े हुए हैं। पत्रकारों के संगठनों में शीर्षस्थ स्थानों पर हैं और पत्रकार सम्मेलनों आदि के माध्यम से पत्रकारों की समस्याओं को उठाकर उनका सहयोग करने में अग्रणी भूमिका निभाते हैं। निर्मल कुमार जैन मैमोरियल अवार्ड दिया गया।
डा.संजीव नेहरू अत्याधुनिक मशीनों द्वारा डाग्स की चिकित्सा करने वाले एकमात्र चिकित्सक हैं। वे चिकित्सा ही नहीं करते, उनकी माडलिंग भी कराते हैं। डा.संजीव नेहरू को देश-विदेश में कई अवार्ड भी मिल चुके हैं। अशोक जैन मैमोरियल अवार्ड प्रदान किया गया।
समाजसेवा के क्षेत्र में एक बड़ा नाम संतोष शर्मा, मरीजों की सेवा के लिए वे सदैव तत्पर रहते हैं और उनकी समस्याओं का त्वरित निदान भी उनके द्वारा किया जाता है। कई अस्पतालों में डायलिसिस मशीनें उपलब्ध कराके मरीजों के दुखों को राहत पहुंचाई है। इसके अलावा अनेक सामाजिक और धार्मिक कार्यों में अग्रणी रहते हैं। लखमीचंद जैन मैमोरियल अवार्ड दिया गया।
दंत चिकित्सा के क्षेत्र में एक उल्लेखनीय नाम डा.शिवालिका शर्मा केवल चिकित्सक ही नहीं, समाजसेवी भी हैं। वे मरीजों का जहां दर्द दूर कर उनके चेहरे की खुबसूरती बढ़ाती हैं, वहीं पीड़ित मानवता की सेवा करना अपना धर्म समझती हैं। दंत चिकित्सा पर उन्होंने देश-विदेश के कई नगरों में अपने व्याख्यान दिये हैं और निरंतर शोधरत भी हैं। यतींद्र जैन (कप्तान) मैमोरियल अवार्ड प्रदान किया गया।
आईआईएफटी, हल्द्वानी से प्रशिक्षित फैशन डिजाइनर प्रिया बंसल ने वर्ष 2015 से फेस ऑफ आगरा कार्यक्रम शुरू किया। युवक- युवतियों को माडलिंग के क्षेत्र में आगे लाना है, जिनमें प्रतिभा तो है, लेकिन मंच नहीं मिल पाता। उनके इस प्रयास से इन लोगों को रोजगार भी मिलता है। यतींद्र जैन (कप्तान) मैमोरियल अवार्ड दिया गया।
अंक गणित की पूर्व असिस्टेंट प्रोफेसर रहीं डा.रुचि चतुर्वेदी देश की विख्यात कवयित्री हैं। रुचि ने देश में ही नहीं, विदेशों में भी आगरा का परचम कविताओं के माध्यम से फहरा रही हैं। डा.रुचि को कई राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त हो चुके हैं। वैद्य चंपालाल मैमोरियल अवार्ड प्रदान किया गया।

आपकी जिंदगी बदलने वाले विश्व के सर्वाधिक लोकप्रिय 10 नेताओं के 10 जादुई विचार’

फिल्म और फैशन जगत की एक प्रमुख हस्ताक्षर रेखा नागपाल शर्मा सामाजिक सेवा में भी संलग्न रहती हैं। नागरिकों को यातायात के प्रति जागरूक करने का अभियान चलाने पर आपको दो बार विशेष सम्मान प्रदान किया जा चुका है। फिल्मों व लघु फिल्मों में आपने अक्षय कुमार, सारा अली खान, धनुष बिंदु, अनु कपूर, आयुष्मान खुराना सहित अनेक एक्टर्स के साथ रोल किया है। सौंदर्य प्रतियोगितओं में भी आगरा का गौरव बढ़ाया है। कैलाशनाथ गुप्ता मैमोरियल अवार्ड दिया गया।
आगरा की मानवाधिकार अधिवक्ता सरोज यादव, वादकारी ही नहीं बल्कि दूसरों को न्याय दिलाने की वकालत करने अग्रणी रहती हैं। इनके विशेष प्रयासों से दीवानी कचहरी में महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम व अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त पिंक टायलेट बनाए गए और गंगाजल की उपलब्धता सुनिश्चित करवाई गई है। एड. सरोज यादव गरीब असहाय महिलाओं को निशुल्क न्याय दिलाने में भी सक्रिय रहती हैं। कैलाशनाथ गुप्ता मैमोरियल अवार्ड दिया गया।
प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल के निदेशक डा.सुशील गुप्ता, स्वाधीनता संग्राम सेनानी एवं प्रदेश के पूर्व राज्यमंत्री स्व.देवकी नंदन विभव के सुपौत्र शैक्षिक संस्थाओं के अलावा स्वास्थ्य एवं सामाजिक संस्थाओं से जुड़े हैं और उनके माध्यम से सेवा कार्य करके यश अर्जित किया है। स्व.लखमीचंद मेढ़तवाल मैमोरियल अवार्ड दिया गया।
फिल्म प्रोड्यूसर अनु सिसोदिया को भी सम्मानित किया गया।

 

Dr. Bhanu Pratap Singh