आगरा: सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही कथित भ्रामक और अपमानजनक सामग्री को लेकर समाजवादी पार्टी ने मोर्चा खोल दिया है। पूर्व मुख्यमंत्री एवं सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की पुत्री के संबंध में प्रसारित की जा रही विवादास्पद पोस्टों को लेकर सपा के प्रदेश सचिव राहुल चतुर्वेदी ने गंभीर आपत्ति जताई है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से इस मामले की तत्काल साइबर जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।
गरिमा और निजता पर हमला
सपा नेता राहुल चतुर्वेदी ने साइबर सेल को सौंपे गए अपने शिकायती पत्र में स्पष्ट किया है कि इंटरनेट पर प्रसारित की जा रही सामग्री न केवल पूर्णतः असत्य है, बल्कि इसका सीधा उद्देश्य एक बेटी की निजता, गरिमा और सम्मान को ठेस पहुँचाना है। उन्होंने कहा कि ऐसी पोस्ट न केवल संबंधित परिवार के लिए कष्टकारी हैं, बल्कि ये समाज में भ्रामक और नकारात्मक माहौल भी पैदा करती हैं।
क्या है सपा की मुख्य मांग?
सपा नेता ने इस मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन से मांगें की हैं कि सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट को सबसे पहले किसने बनाया और किन माध्यमों से फैलाया गया, इसके ‘ओरिजिन’ (Origin) की पतासाजी की जाए।वायरल करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), सूचना प्रौद्योगिकी (IT) अधिनियम और मानहानि से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कठोरतम कार्रवाई की जाए। संबंधित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को निर्देशित कर आपत्तिजनक सामग्री को फौरन डिलीट करवाया जाए ताकि इसे और अधिक प्रसारित होने से रोका जा सके।
‘महिला सम्मान और लोकतांत्रिक मर्यादाओं की रक्षा’
राहुल चतुर्वेदी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि सोशल मीडिया का उपयोग गलत सूचनाएं फैलाने के लिए करना लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए खतरा है। उन्होंने जोर दिया कि महिलाओं और बेटियों के सम्मान की रक्षा करना समाज और प्रशासन की संयुक्त जिम्मेदारी है। किसी भी राजनीतिक दल के नेता या उनके परिजनों को निशाना बनाकर की जाने वाली इस प्रकार की ‘ट्रोलिंग’ और मानहानि समाज के लिए एक गलत उदाहरण पेश करती है।
प्रशासनिक रुख
समाजवादी पार्टी की इस लिखित शिकायत के बाद अब सबकी नजरें पुलिस प्रशासन की प्रतिक्रिया पर टिकी हैं। फिलहाल, साइबर सेल और स्थानीय प्रशासन की ओर से इस पूरे घटनाक्रम पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। सपा नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते इस मामले में प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई, तो वे अगले चरणों में आंदोलन की रणनीति पर विचार करेंगे।
- आगरा कोर्ट परिसर में बवाल: उम्रकैद का फैसला आते ही वादी भाजयुमो नेता को मिली जान से मारने की धमकी, केस दर्ज - June 11, 2026
- Agra News: चार पुलिसकर्मियों पर एफआईआर के आदेश को पुलिस की चुनौती, सत्र न्यायालय में कानूनी लड़ाई शुरू - June 11, 2026
- निवेश के नाम पर ठगी का जाल:मोटे मुनाफे का लालच देकर 2.26 करोड़ हड़पने का आरोप, 8 के खिलाफ केस दर्ज - June 11, 2026