आगरा कोर्ट परिसर में बवाल: उम्रकैद का फैसला आते ही वादी भाजयुमो नेता को मिली जान से मारने की धमकी, केस दर्ज

Crime

आगरा। दीवानी न्यायालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए एक गंभीर घटना सामने आई है। वर्ष 2022 के चर्चित जानलेवा हमले के मामले में अदालत का फैसला आने के तुरंत बाद वादी पक्ष को खुलेआम धमकी देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। अदालत द्वारा एक आरोपी को उम्रकैद की सजा सुनाए जाने के बाद, बरी हुए सह-आरोपी और उसके समर्थकों द्वारा वादी को धमकाने का आरोप है। पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

​फैसले के बाद कोर्ट कैंपस में बढ़ा तनाव

वर्ष 2022 में हुए जानलेवा हमले के मामले में कोर्ट ने अपना फैसला सुनाया, जिसमें एक आरोपी को दोषी ठहराते हुए उसे उम्रकैद की सजा दी गई, जबकि साक्ष्यों के अभाव में दूसरे आरोपी शाहिद बेग को बरी कर दिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कोर्ट रूम से बाहर निकलते ही माहौल गरमा गया। बरी होने के बाद शाहिद बेग और उसके साथी परिसर में ही मौजूद थे, तभी उनका सामना वादी पक्ष से हुआ।

भाजयुमो नेता ने दर्ज कराई शिकायत

शिकायतकर्ता और भाजयुमो नेता शैलू शर्मा का आरोप है कि कोर्ट परिसर में ही शाहिद बेग और उसके साथ आए 4-5 अज्ञात लोगों ने उन्हें घेर लिया। आरोप है कि आरोपियों ने न केवल भद्दी गालियां दीं, बल्कि भविष्य में उन्हें जान से मारने और ‘गोली मरवाने’ की खुली धमकी भी दी। न्यायालय जैसे सुरक्षित परिसर में हुई इस घटना से वादी पक्ष दहशत में है। शैलू शर्मा ने इसे कानून-व्यवस्था और सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा करने वाली घटना बताया है।

​पुलिस जांच में जुटी, खंगाले जा रहे फुटेज

घटना की सूचना मिलते ही न्यू आगरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शिकायत के आधार पर शाहिद बेग समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जांच की जिम्मेदारी उपनिरीक्षक योगेंद्र कुमार को सौंपी गई है।

पुलिस अब कोर्ट परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है और उस समय वहां मौजूद लोगों से पूछताछ की तैयारी कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सबूतों के आधार पर आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

​अदालत परिसर के भीतर सुरक्षा की दृष्टि से हुई इस घटना ने प्रशासनिक हलकों में चिंता पैदा कर दी है। फिलहाल, सभी की निगाहें पुलिस की जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं।

Dr. Bhanu Pratap Singh